कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद सदस्यता शुक्रवार को रद्द कर दी गई। जिसके बाद पूरे मध्यप्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। भोपाल में कांग्रेसियों ने ट्रेन रोकी। इंदौर में पीएम मोदी का पुतला फूंका। ग्वालियर, जबलपुर, देवास, अशोकनगर, गंजबसौदा के अलावा प्रदेश के अन्य कई शहरों में भी फैसले को लेकर कांग्रेसियों ने विरोध जताया।

दरअसल, मानहानि के एक केस में दो साल की सजा होने के बाद केरल के वायनाड से लोकसभा सांसद राहुल की सदस्यता खत्म कर दी गई। इसी को लेकर देशभर में कांग्रेसियों में गुस्सा देखा जा रहा है। राहुल ने 2019 में कर्नाटक की सभा में मोदी सरनेम को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था- सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है।

भोपाल में कांग्रेसियों ने रोकी ट्रेन

भोपाल में शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे 50 से ज्यादा कांग्रेसी रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचे और यहां पांच नंबर प्लेटफार्म पर जबलपुर की ओर जा रही चलती ट्रेन को रोक दिया। उन्होंने करीब 15 मिनट तक हंगामा किया गया। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विकांत भूरिया समेत कई नेता इंजन के ऊपर चढ़ गए। इन लोगों ने यहां जमकर नारेबाजी भी की। पुलिस ने पहुंचकर कांग्रेसियों को खदेड़ा। इसके बाद देर शाम NSUI कार्यकर्ताओं ने मशाल रैली निकाली।

इंदौर में पीएम मोदी के खिलाफ की नारेबाजी 

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म करने के विरोध में इंदौर में युवक कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष रमीज खान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी भवन स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर पहुंचे। यहां उन्होंने पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाजी कर पुतला फूंका। इस दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई। कांग्रेसियों ने कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता खत्म करते हुए पीएम ने संविधान की हत्या की है। उन्होंने कहा राहुल गांधी न डरे हैं और न ही डरेंगे।

ग्वालियर में मोदी सरकार की निकाली अर्थी 

यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महारानी लक्ष्मीबाई की समाधि से फूलबाग चौराहा तक केन्द्र में मोदी सरकार की अर्थी निकाली। चौराहे पर आकर अर्थी अग्नि दी। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता धर्मेन्द्र शर्मा का कहना है कि राहुल गांधी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा सरकार डर गई है। यही कारण है कि उनको संसद में आने नहीं देना चाहती। सरकार के इशारे पर यह सब हो रहा है।

जबलपुर में भाजपा सरकार का पुतला फूंका

जबलपुर में भी राहुल गांधी के समर्थन में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान पुलिस से पुतला जलाने के दौरान कार्यकर्ताओं की झड़प भी हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता जलता हुआ पुतला लेकर यहां-वहां भागते रहे। वहीं, पुलिस भी पानी लेकर पुतले के पीछे-पीछे भागती रही। आखिरकार कार्यकर्ताओं ने पुतला जला दिया। महापौर व जबलपुर नगर अध्यक्ष जगत बहादुर अन्नू ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र के खिलाफ काम कर रही है।

पूर्व मंत्री सज्जन सिंह बोले- शिवराज पर झूठ बोलने का मुकदमा दर्ज हो

देवास के सोनकच्छ में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के नेतृत्व में शुक्रवार को कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। यहां सज्जन सिंह ने कहा कि 2014 में पीएम ने 16 झूठे भाषण दिए थे। मोदी ने कहा था- आप मेरी सरकार बना दो, हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख डालूंगा, 2 करोड़ नौजवानों को हर साल नौकरी दूंगा। विदेश में मौजूद काला धन वापस लाऊंगा। ऐसे ही सब्जबाग दिखाकर वोट ठगे हैं। ऐसे में पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम शिवराज सिंह के खिलाफ भी झूठ बोलने का मुकदमा दर्ज होना चाहिए।

गंजबासौदा में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

गंजबासौदा में शुक्रवार शाम कांग्रेस नेताओं ने जयस्तंभ चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस महासचिव और पूर्व विधायक निशंक जैन ने आरोप लगाया कि लोकसभा अध्यक्ष ने दुर्भावनापूर्वक षड्यंत्र कर राहुल गांधी की सदस्यता खत्म की है। यह प्रजातंत्र की हत्या है। इससे सिद्ध होता है कि आज भारत में गरीबों की आवाज संसद में उठाना कठिन हो गया है, जो भी भाजपा के विरोध में आवाज उठाएगा, उसे दबाया जाएगा।

अशोकनगर में एक घंटे तक चक्काजाम

अशोकनगर के राजमाता चौराहे पर कांग्रेसियों ने शुक्रवार शाम सड़क पर एक घंटे से अधिक समय तक चक्काजाम किया। इस दौरान भाजपा पर भी हमला बोला। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि अगर कोर्ट से राहत नहीं मिली, तो देशभर में कांग्रेस उग्र प्रदर्शन करेगी। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष विशाल रघुवंशी ने बताया कि जनता की आवाज उठाने और अडाणी के कारनामो को उजागर करने पर भाजपा की केन्द्र सरकार ने राहुल गांधी जी की संसद सदस्यता रद्द कर दी है। यह देश के इतिहास में काला दिन है।

इधर, फैसले को लेकर पूर्व मंत्री अरुण यादव ने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं। हम इनसे लड़ेंगे और जीतेंगे। आज का दिन देश में काला दिवस के नाम से जाना जाएगा। सदन व देश में सच बोलने तक की आजादी नहीं है। कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत से राहुल गांधी के साथ है।

वीडी शर्मा बोले- भाजपा और पीएम का लेना-देना नहीं

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का कहना है कि कानून के तहत ही कोर्ट सजा देता है। चाहे वो कोई भी हो । लोकसभा अध्यक्ष ने भी संविधान के दायरे में रहकर फैसला किया है। इससे भाजपा और पीएम का कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस झूठ बोलकर देश को गुमराह करना चाहती है। राहुल गांधी देश के बाहर जाकर भारत को बदनाम कर रहे हैं। उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए।

'राहुल ने जो किया, उसका परिणाम भुगता': संसद सदस्यता जाने पर सीएम शिवराज का तंज

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म होने जो जस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि 'कर्म प्रधान विश्व रचि राखा, करहि सो तस फल चाखा' राहुल गांधी ने जो किया उन्होंने उसका परिणाम भुगता है। सीएम शिवराज शुक्रवार को नीमच में थे। यहां उन्होंने 8वें राज्य स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने मंच से प्रदेश के 4 जिलों के हितग्राहियों से लाइव संवाद भी किया।