वॉट्सऐप यूज़र्स अब अपने फेवरेट चैट को रख सकेंगे अलग सेक्शन में
कंपनी ने कर दिया इस नए फीचर का ऐलान
नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफार्म वॉट्सऐप पर नए फीचर के तहत यूज़र्स अपने फेवरेट चैट को अब एक अलग सेक्शन में रख सकेंगे। वॉट्सऐप अपने एंड्रॉयड की सहूलियत के लिए एक खास फीचर की पेशकश करने की तैयारी कर रही है। इस फीचर के आने के बाद यूज़र्स को चैट में एक अलग से ‘फेवराइट’ चैट फिल्टर मिल जाएगा।
ये फीचर फिलहाल डेवलपमेंट स्टेज पर है। रिपोर्ट के मुताबिक ये उन टेस्टर्स के लिए उपलब्ध है, जिन्होंने गूगल प्ले बीटा प्रोग्राम के जरिए रजिस्ट्रेशन किया है। एक बार जब ये बीटा में आ जाएगा, तो ये यूज़र्स इस फीचर को देख सकेंगे और इसकी टेस्टिंग कर सकेंगे। वाबेटाइंफो ने एंड्रॉयड के इस नए फीचर को 2.24.12.7 वर्जन पर देखा है, यह सुविधा यूज़र्स को एक नए फ़िल्टर का इस्तेमाल करके अपनी पसंदीदा चैट को अलग करने की सहूलियत देती है। यह उन लोगों के लिए मददगार साबित हो सकता है जिन्हें कई लोगों से ढेर सारे मैसेज मिलते हैं और उन्हें अपने रेगुलर कॉन्टैक्ट ढूंढने में परेशानी होती है। जबकि इसमें चैट पिनिंग सुविधा भी मौजूद है, प्लेटफॉर्म पर यूज़र्स सिर्फ 3 मैसेज को पिन कर सकते हैं।
नए फीचर को स्क्रीनशॉट में भी दिखाया है जिसमें ये देखा जा सकता है कि चैट पेज पर यूज़र्स को चार ऑप्शन मिलेंगे। इसमें से पहला है आल का, फिर अनरीड, फेवराइट और आखिर में ग्रूप्स का। यूज़र्स अपने हिसाब से इसमें एंटर करके चैटिंग कर सकते हैं। वाबेटाइंफो का ये भी दावा है कि यूज़र्स अपनी पसंद के हिसाब से चैट को हटा और रिऑर्डर भी कर सकते हैं। ये फीचर अभी बीटा में है, इसलिए सभी बीटा टेस्टर्स इसे अभी नहीं देख पाएंगे, लेकिन अगले कुछ दिनों में इसके पेश किए जाने की उम्मीद है।



