Entertainment

रोहित आयरलैंड के खिलाफ मैच में बना सकते हैं एक रिकार्ड

नई दिल्ली । भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा इस बार टी20 में एक अहम रिकार्ड अपने नाम कर सकते हैं। रोहित विश्वकप में 3 छक्के लगाते ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक 600 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। इसके अलावा उन्हें टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 200 छक्के लगाने के लिए उन्हें केवल 10 छक्कों की जरुरत है।
भारतीय टीम टी20 विश्वकप में अपना पहला मैच आयरलैंड से 5 जून को खेलेगी। इस मुकाबले में रोहित के पास तीन छक्के लगाते ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 600 छक्के पूरे करने का अवसर है। इस समय उनके नाम 472 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 597 छक्के हैं। रोहित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में पहले नंबर पर हैं। इसके अलावा अगर वह 10 छक्के और लगा देते हैं तो उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 200 छक्के हो जायंगे। रोहित के नाम अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 151 मैचों में 190 छक्के हैं।
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में रोहित के बाद न्यूजीलैंड के ओपनर मार्टिन गप्टिल दूसरे नंबर पर हैं। गुप्टिल ने 122 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 173 छक्के लगाए हैं जबकि आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग के नाम 142 मैचों में 128 छक्के हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल के नाम 106 मैचों में 127 छक्के हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के जड़ने के मामले में रोहित के बाद वेस्टइंडीज के क्रिस गेल हैं। गेल ने 483 मैचों में 553 छक्के लगाए हैं जबकि पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी के नाम 524 मैचों में 476 छक्के हैं।

Related Articles