दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की पटना में बड़ी बैठक, बैठक से पहले लिखी चिट्ठी

बिहार की राजधानी पटना में विपक्ष की बैठक से पहले आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमत्री अरविंद केजरीवाल ने विपक्षी नेताओं को एक चिट्ठी लिखी है। अपनी चिट्ठी में सीएम केजरीवाल ने आग्रह किया है कि 23 जून को बिहार में विपक्षी पार्टियों की मीटिंग में अध्यादेश को संसद में हराने पर सबसे पहले चर्चा होनी चाहिए। दिल्ली का अध्यादेश एक प्रयोग है। यह सफल हुआ तो केंद्र सरकार गैर-भाजपा राज्यों के लिए ऐसे ही अध्यादेश लाकर कंकरेंट लिस्ट के विषयों से राज्य सरकार का अधिकार छीन लेगी। अध्यादेश लागू होने पर दिल्ली से जनतंत्र खत्म हो जाएगा। केंद्र एलजी के माध्यम से सरकार चलाएगी। दिल्ली के बाद अन्य राज्यों से जनतंत्र खत्म किया जाएगा। वह दिन दूर नहीं जब पीएम 33 राज्यपालों और एलजी के माध्यम से सभी राज्य सरकारें चलाएंगे।
दिल्ली में केंद्र सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश को राज्यसभा में पास नहीं होने देने की अपील लेकर अरविंद केजरीवाल देश के अलग-अलग राज्यों में जाकर विपक्ष के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। जिन राज्यों के विपक्षी नेताओं व मुख्यमंत्री से वह मिल चुके हैं, वह सभी पटना में 23 जून को हो रही महाबैठक में मौजूद रहेंगे।
इन सबसे महत्वपूर्ण यह भी होगा कि कांग्रेस के आलाकमान व राष्ट्रीय अध्यक्ष भी इस बैठक में उपस्थित रहेंगे। कांग्रेस की कई प्रदेश इकाइयों ने इस विषय को आलाकमान के निर्णय पर छोड़ा हुआ है।
केजरीवाल को सबसे पहले मिला था नीतीश कुमार का समर्थन
सुप्रीम कोर्ट के फैसले से दिल्ली सरकार को प्रशासनिक अधिकारियों को अपने हिसाब से संचालित करने का अधिकार मिला था। इसी बीच केंद्र सरकार ने इस फैसले के खिलाफ अध्यादेश ला दिया, जिसके तहत ये अधिकार उपराज्यपाल को होगा।
केंद्र के इस फैसले के विरोध में सबसे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुखर हुए थे। उन्होंने उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से भेंट की थी। साफ तौर पर यह कहा था कि केंद्र सरकार की यह कोशिश विचित्र है। विपक्ष के सभी दलों को एकजुट होकर इसके विरुद्ध अभियान चलाना होगा।
ममता बनर्जी, हेमंत सोरेन का भी मिला साथ
इस मसले पर अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी क्रमश: कोलकाता और रांची में जाकर भेंट की थी। दोनों मुख्यमंत्रियों ने केजरीवाल को समर्थन देने की बात कही है। दोनों से अरविंद केजरीवाल की पटना में फिर से मुलाकात होगी।
शरद पवार, अखिलेश और उद्धव ठाकरे भी पहुंचेंगे पटना
पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से भी अरविंद केजरीवाल मिल चुके हैं। इन लोगों ने भी केजरीवाल के मुद्दे का समर्थन किया है। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी इस मसले पर आप का समर्थन कर रहे हैं। इन सभी नेताओं से केजरीवाल की पटना में भेंट होगी और वह अपने विषय को दोहराएंगे।