चिकित्सकों की हड़ताल जारी, कमिश्नर और कलेक्टर ने मोर्चा संभाला
भोपाल । प्रदेश में कल से शासकीय चिकित्सकों की हड़ताल निरंतर आज भी जारी है। जिसके चलते मरीजों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आज प्रशासन ने सभी शासकीय अस्पतालों में मोर्चा संभाल लिया है। वहीं मुख्यमंत्री भी मरीजों को लेकर गंभीर हैं। मुख्यमंत्री ने मरीजों के उपचार के लिए निजी अस्पतालों में उपचार की व्यवस्था करना शुरू करवा दिया है। जिसका खर्चा सरकार वहां करेगी। राजधानी में चिकित्सकों की हड़ताल जारी रहने के चलते शासकीय अस्पतालों में हालत खराब हो गए हैं । मरीजों की देखभाल करने ओर उपचार के लिए व्यवस्थाएं पूरी तरह ध्वस्त हो गई हैं। मरीजों को कोई समस्या नही हो इसके लिए संभागायुक्त माल सिंह, कलेक्टर आशीष सिंह ने हमीदिया अस्पताल , कमला नेहरू, चिकित्सालय, ओपीडी सेवाओं, सोनोग्राफी, और सेवाओं की व्यवस्थाओ का निरीक्षण किया ।
सभी सेवाए सुचारू रूप से सभी अस्पतालों में संचालित हो रही है।
कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया की मरीजों के इलाज के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश के अनुसार हमीदिया अस्पताल में 150 निजी डॉक्टर की व्यवस्था कर ली गई ।
इसके अतिरिक्त चिरायु, आरकेडीएफ, जे के अस्पताल आदि में अतिरिक्त 1500 बेड की व्यवस्था की गई है। आपात स्थिति में मरीजों को आवश्यकता होने पर उन्हें निजी अस्पतालों में शिफ्ट किया जा सकेगा। और उनका इलाज मध्यप्रदेश शासन निशुल्क करवाएगा।