मतदान बहिष्कार की घोषणा से प्रशासनिक पदाधिकारी हुए अलर्ट, पहुंचे चतरो गांव

ग्रामीणों संग बैठक कर दिया 10 जून को पॉल्यूशन मामले में बैठक करने का आश्वासन
गिरिडीह । गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र का चुनाव आगामी 25 मई को होना है। मतदान के ठीक पूर्व सदर प्रखंड के चतरो गांव के ग्रामीणों द्वारा वोट बहिष्कार की घोषणा कर दी गयी। ग्रामीणों ने पॉल्यूशन के सवाल को लेकर वोट बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि उन्हें सिर्फ आश्वासन का घुंटी पिलाया जाता है लेकिन उन्हें पॉल्यूशन से मुक्ति नही दिलायी जाती है। आसन्न चुनाव के पूर्व यदि उन्हें इस समस्या से निजात नहीं मिली तो क्षेत्र के लोग वोट का बहिष्कार करेंगे।
चतरो इलाके के ग्रामीणों के वोट बहिष्कार की घोषणा के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गयी। प्रशासनिक पदाधिकारियों का दल बुधवार को चतरो गांव पहुंचा ग्रामीणों के साथ बैठक किया। गांव पहुंचे प्रशासनिक पदाधिकारियों में अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत वाई विस्पुते, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनोद रवाणी, सदर बीडीओ गणेश रजक समेत नगर एवं मुफस्सिल थाना प्रभारी शामिल थे।
बैठक में ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में कहा कि पॉल्यूशन की समस्या इस क्षेत्र में विकराल रूप लेती जा रही है। बार बार क्षेत्र के लोगों द्वारा इसके खिलाफ आवाज उठायी जाती है। हर बार उन्हें सिर्फ सिर्फ आश्वासन ही मिलता है लेकिन समस्या जस की तस बनी रहती है। जब तक हमे इस समस्या से निजात नहीं मिल जाती हम वोट का बहिष्कार करेंगे।
मौके पर मौजूद प्रशासनिक पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को पुनः आश्वासन दिया कि चुनाव के बाद 10 जून को एक मीटिंग रखी गयी है। उस बैठक में निश्चित रूप से उन्हें उनकीं इस पॉल्यूशन की समस्या से निजात दिलाने की बात होगी। पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से लोकतंत्र के महापर्व मतदान में शत प्रतिशत भागीदार बनने की अपील ग्रामीणों से किया।
प्रशासनिक पदाधिकारियों के इस आश्वासन के बाद सभी ग्रामीणों ने सहमति प्रकट किया और बढ़ चढ़कर मताधिकार का प्रयोग करने का आश्वासन प्रशासनिक पदाधिकिरियों को दिया।


