महिला सशक्तिकरण पार्टी की पहली प्राथमिकता : खडगे

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने महिला सशक्तीकरण को पार्टी की पहली प्राथमिकता बताते हुए कहा है कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को पूरा सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यही नहीं आधी आबादी को उनका पूरा हक दिया जाएगा।
दरअसल खडगे ने ट्वीट करते हुए नारा दिया नारी न्याय लिखेगा महिला सशक्तिकरण का नया अध्याय। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं के खिलाफ भेदभाव को दूर करने, उनके अधिकारों को बनाए रखने और उन्हें मज़बूत बनाने का संकल्प लिया है। महालक्ष्मी गारंटी योजना लागू कर इसी साल एक जुलाई से हर महीनें, कांग्रेस ने प्रत्येक गरीब परिवार को बिना शर्त 8,500 रुपये नकद हस्तांतरित करने का संकल्प लिया है। इस तरह हर ग़रीब महिला के बैंक खाते में एक साल में एक लाख़ रुपये आएंगे जिससे उन्हें पढ़ाई, दवाई, कमाई की सहूलियत मिले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर 30 लाख सरकारी पदों को भरने का प्रण लिया है। महिलाओं के लिए केंद्र सरकार की आधी 50 प्रतिशत नौकरियां आरक्षित होगी। कांग्रेस सुनिश्चित करेगी कि उच्च पदों पर जैसे कि न्यायाधीश, सरकार के सचिव, उच्च पदस्थ पुलिस अधिकारी, कानून अधिकारी और बोर्ड निदेशक वाले पदों पर अधिक से अधिक महिलाओं की नियुक्ति हो। इसी के साथ खड़गे ने नारी शक्ति का सम्मान ज़रूरी बताया और कहा, कांग्रेस फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं -आशा, आंगनवाड़ी, मिड-डे मील रसोइया आदि के वेतन में केंद्र सरकार का योगदान दोगुना करने की गारंटी देते हुए 2,500 से अधिक आबादी वाले गाँवों में अतिरिक्त आशा कार्यकर्ता की नियुक्ति करेगी। खडगे ने आगे कहा कि महिलाओं ने इस चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है, और अभी आख़िरी चरण बाक़ी है। इस बार नारी शक्ति बचाओ के लिए नहीं आत्मसम्मान के लिए नारीशक्ति कांग्रेस को चुन रही है।


