National

अनंत की शादी का निमंत्रण लेकर बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंची नीता अंबानी

चाट का लिया मजा, गंगा आरती में शामिल
वाराणसी । रिलायंस फाउंडेशन की चेयरमैन नीता अंबानी ने कहा कि मैं अनंत और राधिका की शादी का निमंत्रण लेकर बाबा विश्वनाथ के दरबार आई। उन्होंने बाबा विश्वनाथ के चरणों में अपने बेटे की शादी का निमंत्रण कार्ड अर्पित कर सुख-सौभाग्य, सुखद दांपत्य जीवन उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बाबा विश्वनाथ के मंदिर में प्रवेश से पहले उन्होंने स्वर्ण शिखर को प्रणाम किया। इसके बाद मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर नीता अंबानी ने बाबा विश्वनाथ के चरणों में दो शादी के कार्ड अर्पित किए। एक कार्ड मुकेश अंबानी की ओर से और दूसरा कार्ड राधिका मर्चेंट की ओर से अर्पित किया।
इसके बाद उन्होंने विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का पूजन कर बेटे अनंत व बहू राधिका के लिए आशीर्वाद मांगा। मंदिर के अर्चक श्रीकांत मिश्र और डॉ. राजेश पाठक ने षोडशोपचार पूजन करवाया। नीता ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के साथ ही माता अन्नपूर्णा और मां विशालाक्षी के मंदिर में भी विवाह का कार्ड भिजवाया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद नीता अंबानी ने श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की। दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालुओं ने जब हर-हर महादेव का जयघोष किया, तब नीता अंबानी ने भी हाथ उठाकर हर-हर महादेव का जयघोष करके अभिवादन स्वीकार किया। इसके पूर्व मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा सहित कई अधिकारियों ने नीता अंबानी का स्वागत किया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद नीता अंबानी दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती में शामिल हुईं। गंगा आरती देख वह भावविभोर नजर आईं। 20 मिनट तक गंगा आरती देखने के दौरान नीता अंबानी दोनों हाथ जोड़े, आंखें बंद कर आरती के मंत्रों को सुन रही थीं। यह दूसरा मौका था जब वह दशाश्वमेध घाट पर होने वाली मां गंगा की आरती में शामिल हुईं। गंगा सेवा निधि कार्यालय में ट्रस्टी एवं कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव सुरजीत सिंह, सचिव हनुमान यादव ने अंगवस्त्रम, मोमेंटो और स्फटिक की माला व प्रसाद देकर स्वागत किया। संस्था के पदाधिकारियों ने नीता अंबानी को आगामी देव दीपावली महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। नीता अंबानी ने आमंत्रण पर अपनी सहमति जाहिर की। इस दौरान डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी मौजूद थे।
अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान नीता अंबानी ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए 1.51 करोड़ का दान दिया। उन्होंने मंडलायुक्त शर्मा को चेक सौंपा। इसके साथ ही नीता अंबानी ने अन्नपूर्णा मंदिर के लिए भी एक करोड़ रुपये का चेक दिया।
काशी विश्वनाथ मंदिर से निकलने के बाद नीता अंबानी ने कहा कि काफी अच्छा लगा। कई साल बाद बनारस आना हुआ। दस साल में काशी का काफी विकास नजर आ रहा है। कॉरिडोर हो या नमो घाट हर जगह बदलाव दिख रहा है। स्वच्छता में भी काफी बदलाव आया है। इस मौके पर नीता अंबानी ने बनारसी चाट का स्वाद भी चखा। नीता अंबानी का चाट की दुकान पर जाना और सामान्य तरीके से चाट का आनंद लेना लोगों के लिए एक आकर्षण का केंद्र बन गया। उनके सामान्य व्यवहार से दुकान के मालिक और वहां मौजूद अन्य लोगों में खुश दिखाई दिए। नीता अंबानी के साथ बॉलीवुड के मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी मंदिर पहुंचे। संभावना है कि नीता अंबानी बेटे और बहू के लिए बनारसी परिधानों की खरीददारी करेंगी।

Related Articles