ओडिशा में भी माफिया तत्वों पर बुलडोजर चलाने की जरूरत : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ । यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ओडिशा में दो लोकसभा सीटों के लिए जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने ओडिशा के पुरी और केंद्रपाड़ा लोकसभा के साथ विधानसभा की कई सीटों के लिए पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनता से वोट की अपील की। सीएम योगी ने जनसभा में प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी बीजद समेत प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस व इंडी गठबंधन पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सम्मान, सुरक्षा, विकास, गरीब कल्याण और विरासत का संरक्षण हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर बनाकर गुलामी के ढांचे को हटा दिया है तो वहीं नवीन पटनायक सरकार के संरक्षण में भगवान जगन्नाथ पुरी के मुख्य खजाने की चाबी ही गुम हो गई। यह लोग भगवान के खजाने में डकैती डाल रहे हैं। मां भगवती के श्रीचरणों में प्रार्थना करता हूं कि हमें इतनी ताकत मिले कि डबल इंजन सरकार लाकर ओडिशा में लैंड माफिया, सैंड माफिया, कैटल माफिया और फॉरेस्ट माफिया पर यूपी जैसा बुलडोजर चला सकें।
सीएम योगी ने पुरी लोकसभा क्षेत्र की जनसभा में कहा कि जब सरकार भाजपा की बनती है और नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व मिलता है तो देश में परिवर्तन आता है। आतंकवाद-नक्सलवाद नियंत्रित हुआ है। यह मोदी का नया भारत है, किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन छेड़ने वाले छोड़ता भी नहीं है। यहां विकास तेजी से हो रहा है। आज टू-लेन, फोरलेन हाईवे बन रहे हैं। वंदे भारत, नमो भारत, अमृत भारत के रूप में बुलेट स्पीड से चलने वाली विश्वस्तरीय ट्रेन की सुविधा दी जा रही है। देश में 80 करोड़ लोगों को चार वर्ष से फ्री राशन मिल रहा है और अगले पांच वर्ष तक मिलेगा, लेकिन ओडिशा की नवीन पटनायक सरकार फ्री राशन की सुविधा को भी अपने नाम से भुनाने का कार्य करती है। नवीन पटनायक सरकार आयुष्मान भारत की सुविधा लागू नहीं होने देना चाहती है।
सीएम योगी ने केंद्रपाड़ा लोकसभा क्षेत्र में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यहां जो पावर जनरेट होती है, वह ओडिशा को महंगे दाम पर, लेकिन दूसरे राज्यों को सस्ते दाम पर दी जाती है, क्योंकि नवीन बाबू नौकरशाही के चक्कर में पड़ गए हैं। यह लोग उन्हें गुमराह करते हैं। यहां के लोगों ने इतना लंबा समय नवीन पटनायक को दिया है, फिर भी ओडिशा विकास नहीं कर पाया। 2017 से पहले यूपी भी माफिया के शिकंजे में था, कहीं लैंड-सैंड, माइनिंग माफिया थे। आज यूपी में सभी माफिया को उल्टा लटका दिया गया है। उसकी संपत्ति को सरकार के कब्जे में लेकर गरीबों के आवास बना दिया गया है। बहन-बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को माफिया पर बुलडोजर का इस्तेमाल कर उसे जहन्नुम में पहुंचा दिया है।


