State

खनिज अधिकारी के सेवा निवृत्त होते ही विभाग हुआ जिम्मेदार विहीन

टीकमगढ़ । जिले के महत्वपूर्ण एवं ज्यादा राजस्व आय वाले विभाग में पदस्थ जिला खनिज अधिकारी बीते दो दिनों पूर्व मई माह के अंतिम दिन सेवा निवृत्त हो चुके हैं मगर जिले के मुखिया ने खनिज विभाग में पदस्थ किसी अधिकारी या कर्मचारी को उनका प्रभार नहीं सौंपा है। जिससे यह साफ जाहिर होता है कल यानि सोमवार से आगामी कार्यदिवसों की अवधि में अनेक विभागीय कार्य प्रभावित हो सकते हैं ऐसा विभाग से जुड़े सूत्रों का मानना है। हालांकि खनिज अधिकारी जिस दिन सेवा निवृत्त हुए हैं उसके अगले दिन शनिवार एवं रविवार अवकाश का दिन माना जाता है इस वजह से हो सकता है कि सोमवार को किसी शासकीय कर्मचारी को यहां की जिम्मेवारी सौंपी जा सकती है।
गौरतलब है कि टीकमगढ़ एवं निवाड़ी दोनों जिलों का खनिज विभाग अभी एक ही है जहां इस विभाग के खनिज अधिकारी के रूप में एसजेड अली लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे थे। जो कि 31 मई को रिटायर्ड हो चुके हैं। इस विभाग में दो सहायक खनिज अधिकारी पदस्थ हैं। जिनमें प्रशांत तिवारी एवं कुलदीप जैन का नाम शामिल है। सहायक खनिज अधिकारी कुलदीप जैन जो हमेशा िवभाग से नदारद नजर आते हैं। इसके अलावा यहां एक आरक्षक एवं एक कर्मचारी और तैनात है। इतने कम स्टाफ में दो जिलों की जिम्मेदारी बगैर खनिज अधिकारी के संभालना विभाग के लिए आगामी दिनों में टेड़ी खीर साबित हो सकता है। सूत्रों की मानें तो अभी जरूरी कई फाइले विभाग में लंबित है यह फाईले उस समय से लंबित हैं जब खनिज विभाग में मुख्य रूप से एसजेड अली अपनी सेवाएं दे रहे थे। हालांकि अब विभाग के पास नया बहाना है कि यहां कोई प्रभारी अधिकारी या मुखिया आएगा तभी विभाग सुचारू रूप से सभी कार्य को करते हुए उसे संपादित कर सकता है। इससे यह साफ जाहिर होता है कि दोनों जिलों की खनिज संपदा से जुड़े हुए माफिया अधिकारी की गैर मौजूदगी का फायदा उठाकर राजस्व की चोरी करने सफल साबित हो सकते हैं। हालांकि खनिज विभाग को आलम तो पहले से ही सभी को पता है कुछ व्यक्ित विशेष लोगों के इशारों पर इस विभाग का संचालन किया जाता है जो पदस्थ किसी और विभाग में हैं मगर ओडी के भरोसे अपनी सेवाएं लंबे समय से खनिज विभाग में दे रहे हैं। विभागीय सूत्रों की माने तो खनिज विभाग में वर्तमान समय में सहायक ग्रेड-3 के एक कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे है जिनकी मूल पदस्थापना कृषि कॉलेज में है मगर उन्होंने कुछ वर्ष पूर्व अपनी राजनैतिक पहुंच के चलते इस विभाग में अपनी ओडी लगवा ली थी। अभी कुछ माह पहले ओडी की समय सीमा समाप्त होने जा रही थी तभी उन्होंने इसकी समयावधि आगे तक करवाकर वह जहां के तहां विभाग पर अपना दबदबा बनाए हुए हैं।
इनका कहना है : सोमवार को कलेक्टर से मुलाकात कर इस विभाग में किसी भी जिम्मेदार कर्मचारी को प्रभार देने की मांग की जाएगी। ताकि विभाग से संबंधित दोनों जिलों के जरूरी कार्य प्रभावित न हो सकें । हालांकि लोकसभा चुनाव की मतगणना उपरांत प्रदेश शासन किसी ने किसी खनिज अधिकारी की नियुक्ति इस जिले में कर ही देगा। – यादवेन्द्र सिंह बुन्देला,विधायक टीकमगढ़ विधानसभा

Related Articles