छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या

नारायणपुर में घर के बाहर बाइक सवारों ने की फायरिंग
जगदलपुर । छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में कांग्रेस नेता विक्रम बैस की सोमवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने उनको 3 गोलियां मारी। इसके चलते बैस की मौके पर ही मौत हो गई। अगले दिन मंगलवार को बैस का शव कांग्रेस दफ्तर ले लाया गया। यहां श्रद्धांजलि देने के बाद उनका अंतिम संस्कार मुक्ति धाम में किया गया
जानकारी के मुताबिक, विक्रम बैस जिला मुख्यालय के बखरूपारा स्थित अपने घर के बाहर टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार पहुंचे और विक्रम पर एक के बाद एक तीन गोलियां दागी। इसके बाद हत्यारे भाग निकले।
बस्ती के बीच हुई खूनी वारदात
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकले। उन्होंने देखा कि विक्रम बैस खून से लथपथ जमीन पर पड़े हैं। इसके बाद फौरन उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बीच बस्ती हुई इस वारदात के बाद लोगों मेंदहशत का माहौल है।



