बजट के विरोध में कर्मचारी मंच का मंत्रालय के सामने प्रदर्शन

भोपाल। राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट 2024 में कर्मचारियों को किसी प्रकार का लाभ न देने के विरोध में आज कर्मचारी मंच ने मंत्रालय के सामने दोपहर में भोजन अवकाश के समय प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया।
इस प्रदर्शन में प्रमुख रूप से अशोक पांडे, सुनील पाठक, श्याम बिहारी सिंह, शिव प्रसाद सागुले, सत्येंद्र पांडे, चांद सिंह, राजेंद्र शर्मा, भूपेंद्र पांडे, भगवान दास बिल्लोरे, श्याम लाल विश्वकर्मा, थावरिया भील, नन्नू लाल मालवीय, प्रेम नारायण परिहार, रामबाबू सोनी और हरि सिंह सोलंकी सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे।
कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडेय ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि प्रदेश के 12 लाख कर्मचारियों को बजट 2024 से बहुत उम्मीदें थीं। कर्मचारियों को महंगाई भत्ता, स्थाई कर्मियों के सातवें वेतनमान का लाभ, दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों और स्थाई कर्मियों को उच्च न्यायालय के आदेश के पालन में नियमित करने, श्रमिकों के वेतन में वृद्धि, अंशकालीन कर्मचारियों, पंचायत चौकीदारों, नल जल चालकों, भृत्य, सफाई कर्मियों, पीटीएस कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन का लाभ देने, अनियमित कर्मचारियों को अनुकंपा नियुक्ति, स्थानांतरण सुविधा, मेडिकल सुविधा, बीमा सुविधा, पेंशन सुविधा का लाभ देने की मांगें शामिल थीं।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने बजट में इन सभी मुद्दों को अनदेखा कर कर्मचारियों को निराश किया है। कर्मचारी मंच ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि बजट में कर्मचारियों के संबंध में भी प्रावधान किए जाएं, जिससे उन्हें उनके अधिकार और आर्थिक लाभ मिल सकें।
नवीनतम समाचारों और अपडेट्स के लिए हमारे पोर्टल पर विजिट करें।



