अलसुबह बिस्किट की बैकरी में लगी आग, लाखों का सामान जला

25 दमकल, टैंकर की मदद से को 5 घंटो में पाया काबू
भोपाल । पुराने शहर के हनुमानगंज थाना इलाके के कबाड़खाना क्षेत्र में शनिवार अलसुबह उस समय हड़कंप मच गया जब यहॉ स्थित बिस्किट, टोस्ट ब्रेड बनाने वाली बेकरी की बिल्डिंग में आग लग गई। तेजी से फैली आग ने पूरी दो मजिला बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता को अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जहॉ इसकी चपेट में आकर लाखो का माल जल गया वहीं निगम के फायर फायटरो ने 5 घंटो की कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो दर्जन दमकलों सहित टैंकरो की मदद से उस पर पूरी तरह काबू पाया। जानकारी के अनुसार मजहर की नामक व्यक्ति की कबाड़खाना इलाके में दो मंजिला बिल्डिंग में बेकरी है। बैकरी के ऊपरी हिस्से में शेड है, वहीं बिल्डिंग के पास ही बिजली का खंभा भी लगा हुआ है। शनिवार अलसुबह करीब साढ़े 5 बजे बेकरी के पास से निकल रहे लोगो ने बेकरी के शेड और खंभे से धुआं निकलते देख इसकी सूचना फायर स्टेशन को दी। जब तक फायर फायटर मौके पर पहुंचते तब तक आग काफी बढ़ चुकी थी। बेकरी से सटी हुई अन्य मकान और रहवासी इलाका होने के चलते न्यू कबाड़खाना, फतेहगढ़, पुल बोगदा और बैरागढ़ से दमकलो के साथ ही पानी के टैंकर मौके पर बुलाये गये। फायर फायटरो ने आग को फैलने से रोकने के साथ ही उस पर काबू पाने के प्रयास शुरु कर दिये। देखते ही देखते दो दो मंजिला बेकरी पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। करीब 5 घंटो की कोशिशे के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग की चपेट में आकर यहॉ रखे लाखो की कीमत के दो ओवन,सामान सेकने वाली हजारो ट्रै और कच्चा माल जल कर बर्बाद हो गया। अनुमान है की आग से बेकरी संचालक को 50 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। बताया गया है, कि बेकरी के पास ही लगे बिजली के पोल से ही बेकरी में बिजली कनेक्शन लिया गया है। खंभे में स्पार्किंग होने से लगी आग से केबल जलने लगी और केबल से फैली आग ने बेकरी में रखे ओवन को अपनी चपेट में ले लिया, इसके बाद आग ने विकराल रुप धारण कर लिया।



