चार महिलाओं पर लगा घर में घुसकर चाकू की नोक पर की लूट का आरोप

भोपाल । ऐशबाग थाना इलाके में परिवार सहित रहने वाले एक व्यक्ति ने चार महिलाओ पर बहाने से घर में आकर चाकू से बच्चो को मारने की धमकी देते हुए सोने-चांदी के जेवरात सहित ढाई लाख का माल लूटने का आरोप लगाया है। घटना करीब दो सप्ताह पुरानी है, लेकिन फरियादी की कहानी पुलिस क गले नहीं उतर रही है, शुरुआती जॉच के बाद प्रकरण दर्ज कर पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है। पुलिस के अनुसार ए- 343, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी ऐशबाग में रहने वाले 48 वर्षीय एजाज अजीज पिता स्वर्गीय अजीज अहमद ने लिखित शिकायत करते हुए बताया की उन्होनें अपने मकान के कई कमरे किराये पर दे रखे है, इसी रेंटल इन्कम से उनका खर्चा चलता है। उनके परिवार में पत्नी मरियम सहित 13 साल का बेटा और 12 साल की बेटी है। अपनी शिकायत में फरियादी ने पुलिस को आगे बताया कि बीती 8 मई की देर शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच वह निजी काम के चलते घर से बाहर गये थे। इस दौरान उनकी पत्नि और दोनो बच्चे घर पर थे। उसी दौरान चार नकाबपोश महिलाएं उनके घर आई और उनकी पत्नि से कमरा किराए पर लेने का कहते हुए बातचीत करने लगी। बातचीत के बीच ही महिलाओं ने पीने के लिए पानी देने को कहा। इस पर एजाज की पत्नी ने उन्हें घर के भीतर बुला लिया। अंदर आते ही महिलाओं ने चाकू निकाला और उनके बच्चो को जान से मारने की धमकी देते हए अलमारी खुलवाई और उसमें रखी चांदी की पायल, सोने का लॉकेट, दो लाख से अधिक की नगदी समेट ली। इसके बाद नकाबपोश महिलाए शिकायत करने पर जान से खत्म करने की धमकी देते हुए भाग गई। शिकायत मिलने पर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर पुलिस को फरियादी द्वारा बताई गई लूट की कहानी गले नहीं उतर रही है। लेकिन शिकायत गंभीर होने के कारण पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरी छानबीन के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।



