हॉस्पिटल संचालक की पत्नी से 31 लाख की नगदी सहित 51 तोला गोल्ड की धोखाधड़ी

भोपाल । शहर के अशोका गार्डन थाना इलाके में निजी हॉस्पिटल का संचालन करने वाले डॉक्टर हरिराम पिप्पल की पत्नी मीरा पिप्पल से अस्पताल के मेडिकल स्टोर में काम करने वाले कर्मचारी द्वारा तांत्रिक से पूजा पाठ कराने के नाम पर लाखो की नगदी सहित 51 तोला सोना लेकर ठगी किये जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने सोने को शुद्व कराने का कहकर उनसे ले लिया था। जालसाजी का खुलासा उस समय हुआ जब डॉक्टर ने बीते दिनो लॉकर चैक किये तो उसे सोना और नगदी गायब मिली।
मिली जानकारी के मुताबिक ओल्ड सुभाष नगर में रहने वाले डॉक्टर हरिराम पिप्पल का घर के पास ही सामने मुख्य रोड पर प्रांजल चिल्ड्रन हॉस्पिटल का संचालन करते हैं। उनके परिवार में पत्नी मीरा पिप्पल और बेटा भी है। उनके अस्पताल के मेडिकल स्टोर में सोहेल नाम का युवक का काम करता है। डॉक्टर की पत्नी मीरा पिप्पल ने पुलिस को लिखित शिकायती आवेदन देते हुए बताया था, कि बीते कुछ समय से उनके परिवार में परेशानियां चल रही थी। अस्पताल के मेडिकल स्टोर कर्मचारी को सोहेल को वह अच्छे पहचानती थी, और उनकी उससे बातचीत भी होती थी। बाचतीत के दौरान मीरा ने काफी समय से परिवार के परेशानी में होने की बात सोहेल को बताई। सोहेल ने उनसे कहा कि यदि वह चाहे तांत्रिक क्रिया से परिवार की परेशानी का दूर करवा सकती है, और वह एक तांत्रिक का जानता है, जो तांत्रिक क्रिया से उनके परिवार को सारी परेशानियो से बाहर निकालते हुए उनका समाधान भी कर देगा। बाद में सोहेल ने मीरा पिप्पल से कहा कि उसने एक तात्रिंक से बात की है, उसने बताया है, कि आपके घर में परेशानी चल रही है, जो आगे और भी बढ़ सकती है, इन समस्याओ के कारण आपके बेटे की जान का भी खतरा है। बेटे की जान के खतरे की बात से मीरा पिप्पल घबरा गई और उन्होंने तांत्रिक से पूजा पाठ कर समस्या का समाधान कराने की बात कही। इसके बाद सोहेल ने कहा कि तांत्रिक को घर से नगदी और पुराना सोना देना पड़ेगा। तांत्रिक उस सोने और नगदी को एक बॉक्स में रखकर पूजा-पाठ कर नगदी और सोने को शुद्व करने के बाद वापस लौटा देगा। सोना और नगदी शुद्व होने के बाद उनके घर की सारी समस्या खत्म हो जाएगी। उसके झांसे में आकर मीरा नगदी और सोना देने को तैयार हो गई। बाद में सोहेल ने अपने भाई फराज को मीरा पिप्पल के घर भेजा, मीरा ने फराज को घर में रखा 51 तोला सोना और 31 लाख की नगदी दे दी। बीते दिनों किसी जरुरत के चलते डॉक्टर हरिराम पिप्पल ने घर के लॉकर चेक किए तो उन्हें सोना और नगदी गायब नजर आई। इस बारे में उन्होनें पत्नी से पूछताछ की तब उसने सारी बात बताई। जानकारी लगने पर डॉक्टर पिप्पल ने सोहेल को फोन लगाकर धमकाते हुए सोना और नगदी फोरन वापास लौटाने को कहा। इस पर सोहेल एक बॉक्स लेकर डॉक्टर पिप्पल के पास पहुंचा और उसने कहा कि इस बॉक्स में सोना और नगदी रखी है। तात्रिंक ने इसे शुद्व करने के लिय क्रिया की है, अब इसे चौबीस घंटे बाद ही खोला जाना चाहिए वरना खोलने वाला जानलेवा परेशानी में फंस जाएगा। उसकी बातो में आकर जब 24 घंटे बाद बॉक्स खोला गया तो उसने कपड़े के टुकड़े पड़े थी। इसके बाद डॉक्टर हरिराम पत्नी को लेकर पुलिस के पास पहुंचे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने सोहेल और उसके भाई फराज के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है।



