State

सितंबर तक पूरा होगा जीजी फ्लाईओवर का कार्य: लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह

लोक निर्माण मंत्री ने जीजी फ्लाईओवर और जेपी अस्पताल की निर्माणाधीन इमारत का निरीक्षण किया

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और तेजी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

भोपाल: लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने आज निर्माणाधीन जीजी फ्लाईओवर और जेपी अस्पताल (1250) में नवीन इमारत का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान विधायक भगवान दास सबनानी और विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे।

मंत्री सिंह ने गायत्री मंदिर से गणेश मंदिर के बीच 148 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे जीजी फ्लाईओवर का निरीक्षण किया। उन्होंने फ्लाईओवर के निर्माण में हो रही देरी के कारणों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो, नगर निगम और जिला प्रशासन के बीच समन्वय की कमी के कारण यह देरी हो रही थी। अब सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य की गति तेज कर दी गई है।

मंत्री सिंह ने निर्देश दिए कि फ्लाईओवर का कार्य सितंबर माह के अंत तक पूरा कर लिया जाए। यह फ्लाईओवर 15 मीटर चौड़ा और 2734 मीटर लंबा है। इसके निर्माण से एमपी नगर आने वाला 60% ट्रैफिक इस फ्लाईओवर से गुजरेगा, जिससे यह दूरी केवल 5 मिनट में तय की जा सकेगी।

इसके साथ ही, मंत्री सिंह ने जेपी अस्पताल (1250) में 26.63 करोड़ रुपये की लागत से 195 बेड और 4 ऑपरेशन थिएटर वाली निर्माणाधीन इमारत का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से भोपाल की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और स्वास्थ्य सुविधाओं में भी वृद्धि होगी, जिससे नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी।

Related Articles