भोपाल: “ड्रीम गर्ल्स” फिल्म देखकर सीखा ठगी का तरीका

कोहेफिजा पुलिस ने शातिर ठग को किया गिरफ्तार: लड़की की आवाज में बात कर लोगों को देता था धोखा
भोपाल । कोहेफिजा पुलिस ने एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है जो लड़की की आवाज में बात कर लोगों को ठगता था। उसने “ड्रीम गर्ल्स” फिल्म देखकर यह तरीका सीखा और सोशल मीडिया पर लड़कियों की फर्जी आईडी बनाकर लोगों से दोस्ती करता था। इसके बाद वह लड़की का भाई बनकर लोगों से पैसे ऐंठता था।
मामला:
फरियादी अमन नामदेव, निवासी लालघाटी मंदिर रोड, भोपाल ने थाना कोहेफिजा में शिकायत दर्ज करवाई कि इंस्टाग्राम के माध्यम से शिवानी रघुवंशी नाम की एक लड़की से उसकी दोस्ती हुई। उसने कभी उस लड़की को देखा नहीं, सिर्फ सोशल मीडिया पर बातचीत होती रही। कुछ दिनों बाद वह लड़की शादी का दबाव बनाने लगी और आत्महत्या की धमकी देने लगी। अमन डर गया और फोन पे के माध्यम से पैसे भेजता रहा। बाद में आशु मेहरा नामक व्यक्ति शिवानी का भाई बनकर उससे मिला और कहा कि शिवानी ने फांसी लगाई है और इलाज के लिए पैसे की जरूरत है। अमन ने डरकर लालघाटी पर उसे 70,000 रुपये दे दिए।
पुलिस की कार्रवाई:
अमन की शिकायत पर अपराध क्रमांक 361/2024, धारा 384 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सहायक पुलिस आयुक्त शाहजहानाबाद निहित उपाध्याय के निर्देशन में एक टीम गठित की गई। जांच के दौरान आरोपी आशु उर्फ अजय उर्फ छोटू मेहरा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने “ड्रीम गर्ल्स” फिल्म देखकर यह तरीका सीखा। वह लड़की की आवाज निकालकर सोशल मीडिया ऐप्स के माध्यम से लोगों से बात करता था। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लड़कियों के नाम की कई फर्जी आईडी बनाकर लड़कों से बात करता और फिर लड़की का भाई बनकर उन्हें धमकाता कि उसकी बहन मर जाएगी। इस तरह वह अब तक दर्जनों लोगों से ठगी कर चुका है और वसूले गए पैसे अय्याशी में खर्च कर देता था।
सराहनीय भूमिका:
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र मर्सकोले, उनि. रमेश शर्मा, उनि. संजीव धाकड़, प्र. आऱ. 794 शिवप्रसाद पांडेय, प्रआऱ 258 लालचंद, प्रआर. 1516 विष्णु प्रताप सिंह, आरक्षक 335 रविन्द्र कुमार, आऱ 3540 प्रवीण पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अन्य मामलों के संबंध में भी पूछताछ शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से भोपाल पुलिस ने एक बड़ा ठगी का रैकेट बेनकाब किया है।



