रिटायर्ड अधिकारी के घर में घुसे हथियारो से लैस नकाबपोश बदमाश

भोपाल । गांधी नगर थाना इलाके में रहने वाले रिटायर्ड अधिकारी के घर पर हथियारो से लैस नकाबपोश बदमाशो द्वारा धावा बोलने की घटना सामने आई है। गनीमत दंपत्ति ने साहस दिखाते हुए मदद के लिये जोर-जोर से चीखते हुए शोर मचाया जिससे घबराकर बदमाश वहॉ से भाग गए। घटना की शिकायत लेकर थाने पहुंचे फरियादी से पुलिस ने आवेदन लेकर गश्त बढ़ाने की बात कही। डर के कारण फरियादी परिवार दूसरे मकान में शिफ्ट हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार गॉधी नगर क्षेत्र के अब्बास नगर में स्थित ऋषि विलास कॉलोनी में रहने वाले सोहेल हाशमी रेलवे के रिटायर अधिकारी हैं। उनकी पत्नी शासकीय स्कूल में नौकरी करती है। बीती 18-19 मई की देर रात करीब ढाई बजे दंपत्ति घर में सो रहे थे। इसी बीच लगभग चार बदमाश उनके घर में घुस आए। कमरो में आकर बदमाश सामान की तलाशी ले रहे थे, इसी बीच आहट होने पर उन्होने बिना देर किये मदद के लिये जोर-जोर से चीखते हुए शोर मचाना शुरु कर दिया। उनके चीखने की आवाज से घबराकर बदमाश फौरन ही वापस भाग गए। पूरी वारदात उनके घर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। कैमरे में हथियार लिये चार बदमाश अंदर घुसते हुए नजर आ रहे हैं। घटना की शिकायत फरियादी ने गांधी नगर थाना पुलिस से की। पुलिस ने शिकायती आवेदन लेकर नाइट पैट्रौलिंग बढ़ाने का कहते हुए रवाना कर दिया। घटना से डर कर हाशमी ऋषि विलास कॉलोनी का घर छोड़कर दूसरे मकान में शिफ्ट हो गए है।



