State

आ रहा मानसून, यूपी -बिहार में बारिश दिल्ली में येलो अलर्ट

नई दिल्ली । मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अगले 24 घंटे में देश के कई हिस्सों में मानसून की एंट्री होने जा रही है। इससे पहले मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। मानसून को लेकर अच्छी खबर आ रही है। जिस मानसून का लोगों को बेसब्री से इंतजार है वह तेज रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 27 से 30 जून के बीच देश के कई हिस्सों में मानसून की एंट्री हो जाएगी। इससे पहले प्री-मानसून दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में मौसम सुहावना किए हुए है। कई इलाको में हल्की, मध्यम बारिश भी देखी जा रही है। हालांकि, पंजाब और बिहार के कुछ इलाकों में लू की स्थिति देखी गई थी। भीषण गर्मी और हीट वेव के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली अब उमस भरी गर्मी से बैचैन है। लोग मानसून के आने का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 29 और 30 जून को तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। सप्ताह की शुरुआत से पहले ही दिल्ली-एनसीआर के आसमानों में बादल डेरा डाले हुए हैं। कही-कही बारिश की फुहारें लोगों को राहत दे रही हैं। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में हल्की व पूर्वी इलाके में गजर चमक के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 28 जून को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, उत्तरी अरब सागर और गुजरात, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, साथ ही छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में 30 जून तक मानसून आ जाएगा।

Related Articles