दिनदहाड़े लूट: पेट्रोल पंप मैनेजर से पौने 4 लाख की लूट

भोपाल। राजधानी के खजूरी सड़क इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े तीन बदमाशों ने पेट्रोल पंप मैनेजर की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर उनसे पौने 4 लाख रुपये लूट लिए। पुलिस के मुताबिक, यह घटना भोपाल-इंदौर हाईवे पर दोपहर करीब 2:30 बजे हुई, जब भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल टैंक मैनेजर मनोज भावसार रोजाना की तरह बैंक में कैश जमा करने जा रहे थे।
मनोज अपने दो पहिया वाहन से पेट्रोल पंप से मात्र 100 मीटर की दूरी पर पहुंचे ही थे, कि तीन युवकों ने उन्हें आवाज देकर रोका। जैसे ही मनोज ने गाड़ी रोकी, एक बदमाश ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इससे पहले कि मनोज कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया और फरार हो गए।
मनोज ने तुरंत शोर मचाकर राहगीरों से मदद मांगी और इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है। फरियादी द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर क्राइम ब्रांच, साइबर सेल, खजूरी सड़क, बैरागढ़ और परवलिया थाने की पांच पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं।



