State

रेलवे का विशेष जागरूकता अभियान: अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक दिवस पर नुक्कड़ नाटक और प्रचार

भोपाल: भारतीय रेल ने 6 जून 2024 को अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक दिवस के अवसर पर बड़े पैमाने पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पश्चिम मध्य रेल की महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय के मार्गदर्शन और मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी के निर्देशन में भोपाल मंडल संरक्षा विभाग ने समपार फाटकों पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सामाजिक जागरूकता उत्पन्न करने का अभियान शुरू किया।

भोपाल रेल मंडल के गुना-ग्वालियर, गुना-मक्सी, बीना-गुना, बीना-भोपाल-इटारसी और इटारसी-खंडवा सहित सभी खंडों के 105 समपार फाटकों में से 50 व्यस्ततम समपार फाटकों पर जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें रेल सुरक्षा बल, इंजीनियरिंग विभाग, परिचालन विभाग और संरक्षा विभाग के अधिकारी, पर्यवेक्षक और कर्मचारी शामिल थे। पिछले एक सप्ताह से रोड यूजर्स को सुरक्षित ढंग से समपार फाटक पार करने के बारे में जागरूक किया गया।

इस अभियान के तहत रोड यूजर्स को सलाह दी गई कि ट्रेन की गति आपके अनुमान से अधिक होती है और ट्रेन के सामने आने पर उसके रुकने की संभावना नहीं होती है। ट्रेन दोनों दिशाओं से एक साथ आ सकती है, इसलिए हमेशा सतर्क रहें। रेल ट्रैक को सुरक्षित पार करने के लिए ट्रेन की आवाज सुनें और ईयरफोन पर संगीत न सुनें, क्योंकि ट्रेन की आवाज सुनाई न देने पर आपकी जान जोखिम में पड़ सकती है। वाहन चालकों को सलाह दी गई कि जब रेल फाटक बंद हो, तो वाहन को फाटक के पहले ही रोक लें। फाटक को अनाधिकृत रूप से खोलना, तोड़ना या पार करना अपराध है। फाटक बंद होते समय उसे पार करने की जल्दबाजी न करें।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि रेलवे में समपार फाटक पर अधिकतर दुर्घटनाएं रोड यूजर्स की गलतियों के कारण होती हैं, इसलिए रेलवे इन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इस तरह के आयोजन करता रहता है। अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक दिवस के अवसर पर पूरे मंडल में सभी व्यस्त रेलवे क्रॉसिंगों पर रोड यूजर्स को गहन काउंसिलिंग के साथ लगभग 7000 पम्फलेट्स का वितरण किया गया। इसके अलावा, रोड यूजर्स को ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से समपार फाटक को सावधानीपूर्वक पार करने के नियमों की जानकारी दी गई।

भोपाल मंडल के सांस्कृतिक एकेडमी के कलाकारों ने मिसरोद स्टेशन के पास गेट नंबर 246 के आस-पास नुक्कड़ नाटक के माध्यम से रोड यूजर्स में जागरूकता लाने का प्रयास किया। भोपाल मंडल के वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री रवीन्द्र शर्मा, सहा. मंडल संरक्षा अधिकारी श्री ममलेश यादव और संरक्षा विभाग के सभी सलाहकारों ने निशातपुरा-सूखीसेवनिया स्टेशनों के मध्य स्थित गेट नं. 255 (चौपणा कॅला) और गेट नं. 256 पर पम्फलेट्स का वितरण कर ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से रोड यूजर्स को जागरूक किया।

उल्लेखनीय है कि भोपाल मंडल के अति व्यस्त समपार फाटकों पर रेलवे ओवर ब्रिज बनाने का कार्य भी प्रगति पर है। विभिन्न समपार फाटकों और पेट्रोल पंपों पर आमजन को समपार फाटक उपयोग करने के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि पटरियों के आसपास हेडफोन और ईयरफोन का प्रयोग न करें और मोबाइल फोन का उपयोग करने से बचें।

रेल प्रशासन ने आम जनता, सामाजिक और गैर सरकारी संगठनों से यह भी अपील की है कि रेलवे समपार फाटक पार करते समय वहां लगे संकेतों का पालन करें और इस अभियान के दौरान बताई गई बातों का ध्यान रखें।

Related Articles