पीड़िता ने प्रेम विवाह के 10 साल बाद पति के खिलाफ दर्ज कराया अगवा कर दुष्कर्म का मामला

7 साल की बेटी है दंपत्ति की, पति से मनमुटाव होने पर पहुंची थाने
भोपाल। राजधानी की बैरागढ़ थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओ में मामला कायम किया है। दरअसल दस साल पहले साल 2014 के समय फरियादिया नाबालिग थी, जो गुम हो हुई थी। पीड़ीता को एक युवक अपने साथ ले गया था, जिसके साथ पीड़िता की शादी भी हो गई और उनकी एक सात साल की बेटी भी है। इतने साल बाद दंपत्ति के बीच मनमुटाव होने पर पीड़िता थाने जा पहुंची जहॉ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
थाना पुलिस के अनुसार 24 वर्षीय पीड़िता ने अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह बैरागढ थाना क्षेत्र में रहती है, और घरेलू काम करती है। पीडिता की आरोपी पति से साल 2014 में पहचान हुई थी। दोनों कॉलोनी में आसपास रहते थे, और अलग-अलग धर्म के हैं। जल्द ही उनकी पहचान दोस्ती और फिर प्रेम-प्रसंग में बदल गई। अपने प्यार के चलते दोनों ने परिवार वालो की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली थी। पुलिस का कहना है, कि पीड़िता उस समय नाबालिग थी। आरोपी उसे बहला-फुसला कर अपने साथ ले गया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे। पीड़िता की 7 साल की बेटी भी है। हालांकि बेटी के चले जाने पर उस समय उसके परिजनों ने उस गुमशुदगी की शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। पीड़ीता ने पुलिस को आगे बताया की उस समय उसे कोई परेशानी नहीं थी। लेकिन इतने सालो बाद आरोपी पति उसे पारिवारिक विवाद के चलते प्रताड़ित कर रहा है। परेशान होकर वह थाने जा पहुंची जिस पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला कायम किया है।



