महाराणा प्रताप की प्रतिमा के माल्यार्पण के दौरान क्रेन गिरने से पार्षद सहित दो घायल

भोपाल। राजधानी के एमपी नगर चौराहे पर महाराणा प्रताप जन्मोत्सव के दौरान उस समय बड़ा हादसा हो गया जब क्षत्रिय समाज के लोग महाराणा प्रताप की प्रतिमा के माल्यार्पण के लिए बड़ी संख्या में एमपी नगर चौराहे पर जमा हुए थे। दोपहर करीब सवा 1 बजे मल्यार्पण के दौरान प्रतिमा के पास पहुंचते ही ऐन समय पर अचानक नगर निगम की क्रेन गिर गई। उस समय क्रेन पर वार्ड 66 के पार्षद जितेंद्र सिंह राजपूत और उनके परिचित ऋषि सिंह राजपूत सवार थे। घटना में पार्षद राजपूत सहित ऋषि सिंह राजपूत को भी चोट आई है। पार्षद के पैर में फ्रैक्चर हो गया है, उन्हें इंद्रपुरी स्थित अनंत निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। दोनों घायलो का इलाज जारी है। जितेंद्र सिंह राजपूत ने हादसे का जिम्मेदार नगर निगम को ठहराते हुए कहा है, कि समय-समय पर क्रेन का मेंटेनेंस होना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ जिसके चलते आज यह हादसा हो गया।



