उमंग स्वास्थ्य केंद्र: किशोरों के स्वास्थ्य के लिए एक नई पहल
भोपाल: किशोरों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक समस्याओं के समाधान के लिए भोपाल की 6 स्वास्थ्य संस्थाओं में उमंग स्वास्थ्य केंद्र की शुरुआत की गई है। ये केंद्र 10 से 19 साल के किशोर-किशोरियों को वैज्ञानिक परामर्श प्रदान करेंगे। उमंग स्वास्थ्य केंद्र जयप्रकाश जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल बैरागढ़, कैलाश नाथ काटजू, बैरसिया, कोलार और गांधीनगर में संचालित हो रहे हैं, जो सुबह 9 से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे।
किशोरावस्था की समस्याओं के समाधान के लिए वैज्ञानिक परामर्श
किशोरावस्था एक महत्वपूर्ण और नाजुक चरण होता है, जिसमें शारीरिक और मानसिक विकास होता है। इस उम्र में सही मार्गदर्शन और समर्थन की आवश्यकता होती है। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत, उमंग स्वास्थ्य केंद्र किशोरों को यौन और प्रजनन स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, असंचारी बीमारियों, लिंग आधारित हिंसा, पोषण और नशीले पदार्थों की रोकथाम में मदद करेगा।
केंद्र की सेवाएं
उमंग स्वास्थ्य केंद्र में प्रशिक्षित परामर्शदाता विभिन्न समस्याओं के अनुरूप परामर्श, उपचार और रेफरल सेवाएं प्रदान करेंगे। सेवाओं में पोषण, एनीमिया की रोकथाम, यौन और प्रजनन स्वास्थ्य, माहवारी स्वास्थ्य, नशे के दुष्प्रभाव, पारिवारिक और व्यक्तिगत परामर्श, लिंग आधारित हिंसा, तनाव, अवसाद, आत्महत्या, बाल विवाह और किशोर गर्भधारण की रोकथाम शामिल हैं।
मैत्रीपूर्ण वातावरण में निजता और गोपनीयता का ध्यान
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, भोपाल, डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि देश की लगभग 22% जनसंख्या किशोरों की है। 2014 में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम शुरू किया गया था, जिसके तहत उमंग स्वास्थ्य केंद्र में किशोरों को सकारात्मक और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित जानकारियां दी जाती हैं। यहां परामर्श मैत्रीपूर्ण वातावरण में निजता और गोपनीयता का ध्यान रखकर प्रदान किया जाता है।