Taza Khabar

वार्षिक आमसभा में सर्वसम्मति से बजट का अनुमोदन कई विषयों पर लिया गया फैसला

भिलाई

भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्मिकों की सबसे पुरानी एवं प्रतिष्ठित सहकारी संस्था इस्पात कर्मचारी को-आॅपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड सेक्टर-6 भिलाई नगर की 61 वीं वार्षिक आम सभा परशुराम भवन सेक्टर-2 में रखी गई। सोसाइटी के अध्यक्ष बृज बिहारी मिश्र ने संस्था की उपलब्धियों एवं वित्तीय स्थिति के बारे में अपने वार्षिक प्रतिवेदन में संस्था के सदस्यों को अवगत कराया। इस पर संस्था के सदस्यों ने संस्था की वित्तीय स्थिति पर हर्ष व्यक्त किया। आमसभा में वार्षिक प्रतिवेदन के अलावा अंकेक्षित वित्तीय पत्रक वर्ष 2023-24 का अनुमोदन,वर्ष 2025-26 के प्रस्तावित बजट का अनुमोदन एवं वर्ष 2023-24 के अनुपूरक बजट का अनुमोदन व वर्ष 2023-24 का देय लाभांश का भी अनुमोदन किया गया।

अध्यक्ष बृज बिहारी मिश्र ने आमसभा को बताया कि वर्ष 2023-24 का सकल लाभ 5 करोड़ 57 लाख 37 हजार 733 रुपए 60 पैसे और शुद्ध लाभ 2 करोड़, 8 लाख, 6 हजार 894 रूपए रहा जो गत वित्त वर्ष (2022-23) की तुलना में लगभग 30 लाख रुपए अधिक है। संस्था के वर्तमान संचालक मंडल के सम्मिलित प्रयासों से गिरती सदस्य संख्या के बावजूद भी संस्था ने वित्त वर्ष 2023-24 में अपने व्यवसाय में उल्लेखनीय वृद्धि की है और सदस्यों का विश्वास बढ़ा है।

वर्तमान में आकस्मिक ऋण की अधिकतम सीमा 3 लाख और नियमित ऋण की अधिकतम सीमा 10 लाख है। 5 लाख तक नियमित ऋण लेने पर बीमा पॉलिसी को मोर्टगेज करने के पूर्व ऋण नियम को समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने आमसभा के समक्ष 9 प्रतिशत लाभांश देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कुटुम्ब सहायता योजना के अंतर्गत 465 प्रकरणों में 42 लाख 26 हजार रुपए प्रदान किए गए। आय-व्यय का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 के लिए अनुमोदित बजट 5 करोड़ 58 लाख 72 हजार रुपए तथा वित्त वर्ष 2024-2025 का प्रस्तावित बजट 5 करोड़ 52 लाख 68 हजार रुपए है।

Related Articles