Taza Khabar

सिविल इंजीनियर का आरोप, ऑफिस में नहीं है बैठने की व्यवस्था, महिला के लिए टॉयलेट भी नहीं

सतना
 कोटर नगर परिषद में महिला सिविल इंजीनियर एक पेड़ के नीचे अपना काम काज करने को मजबूर है। सब इंजीनियर का आरोप है कि अध्यक्ष और सीएमओ उसे बैठने की जगह नहीं दे रहे हैं। भवन में दो कमरे हैं, जिन पर आए दिन अध्यक्ष और सीएमओ ताला लगाकर चले जाते हैं। यही नहीं महिला सिविल इंजीनियर ने कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

खुले आसमान के नीचे कर रही है काम

दरअसल, मामला मध्यप्रदेश के सतना जिला अंतर्गत कोटर नगरपरिषद का है। यहां खुली जगह पर एक पेड़ के नीचे बैठी यह महिला कोटर नगर परिषद की सिविल इंजीनियर है। इनका नाम प्रियंवदा सिंह है। प्रियंवदा कुछ महीनों से यहां पदस्थ हैं। हैरानी की बात तो यह है कि कोटर नगर परिषद में कुर्सी के लिए बवाल मचा हुआ है। भवन में जो भी कमरे हैं। एक पर अध्यक्ष तो एक पर सीएमओ ने अपना चैंबर बना रखा है। बाकी का जो कमरा है, उसमें नगर परिषद के अन्य कर्मचारी बैठते हैं।

एक पेड़ के नीचे कुर्सी लगाकर कर रही काम

वहीं, प्रियंवंदा सिंह ने पेड़ के नीचे अपनी टेबल कुर्सी लगाकर काम करने की वजह जो बताई है। वह बेहद शर्मनाक है।उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बीते कुछ दिनों तक वह अध्यक्ष के चैंबर में ही बैठकर अपना कामकाज करती थी लेकिन अध्यक्ष राजमणि सिंह पटेल ने उन्हें अपने चैंबर से बाहर निकाल दिया है।परेशान करने के लिए चैंबर में ताला लगा दिया जाता है। परेशान होकर भवन के बाहर ही महिला सिविल इंजीनियर ने अपनी टेबल लगा ली है।

चैंबर नहीं मिली तो सड़क पर बैठकर काम करूंगी

सिविल इंजीनियर प्रियंवदा सिंह ने कहा कि दस माह से यहां मैं काम कर रही हूं। न तो मेरे पास टेबल है और न ही चैंबर है। अध्यक्ष और परिषद की मंजूरी से मैं मीटिंग में काम किया करती थी लेकिन एक सप्ताह से हमें वह बंद मिला। बैठने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। महिला टॉयलेट नहीं है। मैं एक सिविल इंजीनियर हूं, मुझे एक टॉयलेट बनाने की आजादी नहीं है। मैं गार्डन में बैठी हुई हूं। कुछ दिनों में चैंबर नहीं मिला तो मैं सड़क पर बैठ जाऊंगी।

महिला सशक्तिकरण पर उठाए सवाल

वहीं, महिला सशक्तिकरण पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि छोटी जगहों पर आज भी महिलाओं को कमतर देखा जाता है। उनके लिए अलग से कोई व्यवस्था नहीं होती है। आज भी दोयम दर्ज का व्यवहार होता है।

कुर्सी वह खुद उठाकर ले गईं

नगर परिषद अध्यक्ष राजमणि सिंह पटेल ने कहा कि शासन से भवन बनाने के लिए मांग की गई है। भवन अभी मिला नहीं है। इसी में हमारा कार्यालय लग रहा है। संसाधानों के आधार पर हम व्यवस्था कर रहे हैं। समस्या तो हमारे हिसाब से कोई नहीं है। व्यक्तिगत किसी को हो तो उसका क्या कर सकते हैं। कुर्सी वो खुद उठाकर ले गई और पेड़ के नीचे स्वेच्छा से बैठ गई हैं।

नगर परिषद कोटर की प्रभारी सीएमओ पूजा ने द्विवेदी नवभारत टाइम्स.कॉम को बताया कि ये मामला हमारे संज्ञान में आया है। इसमें सब इंजीनियर का आपसी मतवेद हुआ है। ऑफिस में मैंने समझा दिया है।

Related Articles