Taza Khabar

महाकालेश्वर मंदिर में भस्मारती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी ,मंदिर प्रशासन जल्द ही नियम बदलने जा रहा

उज्जैन

ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान अब सामान्य दर्शनार्थियों को भी वीआईपी सुविधा प्राप्त होगी। आम भक्तों को रात 2 बजे मानसरोवर फैसिलिटी सेंटर में चेकिंग के बाद सीधे मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। नए समय पर प्रवेश की यह व्यवस्था दीपावली से पहले लागू हो सकती है।

दर्शनार्थियों को इसकी जानकारी देने के लिए परिसर में सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके साथ ही दर्शन अनुमति पास पर भी नए समय का उल्लेख किया जाएगा। इस दौरान भक्तों को रात में पानी पिलाने के लिए भी कर्मचारी तैनात रहेंगे। शौचालय आदि की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

महाकाल दर्शन: अभी यह व्यवस्था लागू है

    वर्तमान में श्रद्धालु भस्म आरती दर्शन के लिए रात 10 बजे से कतार में लग रहे हैं। महाकाल मंदिर में प्रतिदिन तड़के 4 बजे भगवान महाकाल की भस्म आरती की जाती है। मंदिर समिति द्वारा प्रतिदिन करीब 1700 श्रद्धालुओं को भस्म आरती दर्शन की अनुमति दी जाती है।

    वीआईपी भक्त रात 2 बजे सीधे मंदिर पहुंचते हैं तथा चेकिंग के उपरांत सीधे मंदिर में प्रवेश करते हैं। वहीं, सामान्य दर्शनार्थी रात 10 बजे से दर्शन की कतार में खड़े हो जाते हैं। इस व्यवस्था से महिलाएं, बच्चे तथा वृद्ध श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

    तीन दिन पहले भस्म आरती व्यवस्था का औचक निरीक्षण करने पहुंचे प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ ने दर्शनार्थियों की इस परेशानी को देखा तथा व्यवस्था में परिवर्तन का निर्णय लिया। उनके मार्गदर्शन में ही आम लोगों के लिए भी वीआईपी दर्शन की प्लानिंग बनी है।

वीआईपी की तरह आएं सामान्य भक्त

    महाकाल के दरबार में आम भक्त भी वीआईपी है। जब प्रोटोकाल के अंतर्गत आने वाले श्रद्धालु रात 3 बजे मंदिर पहुंचते हैं, तो आम भक्त सारी रात क्यों परेशान होता रहे। अब सामान्य दर्शनार्थियों को भी प्रोटोकाल की सुविधा प्राप्त होगी, वे अब रात 10 बजे नहीं बल्कि रात 2 बजे मंदिर पहुंचेंगे। जांच के बाद उन्हें सीधे मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। – गणेश कुमार धाकड़, प्रशासक

भक्तों तक ऐसे पहुंचाएंगे जानकारी

    दर्शन अनुमति पास पर रात 2 बजे प्रवेश का समय अंकित किया जाएगा।
    अनुमति के SMS में भी अब नए समय रात 2 बजे प्रवेश का उल्लेख रहेगा।
    महाकाल मंदिर परिसर, हरसिद्धि, चारधाम मंदिर क्षेत्र में सूचना बोर्ड लगेंगे।
    कंट्रोल रूम से लगातार उद्घोषणा कर भक्तों को नए समय की जानकारी देंगे।

 

 

 

Related Articles