Uncategorized

इंस्पेक्टर के खिलाफ रेप की शिकायत लेकर भटक रही महिला पर ही ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज

भोपाल। मध्य प्रदेश के शाजापुर में पदस्थ एक पुलिस इंस्पेक्टर के खिलाफ दुष्कर्म किये जाने की शिकायत के लिए कई महीनो से भटक रही महिला पर पुलिस ने इंस्पेक्टर की शिकायत पर ही ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज कर लिया है। यह मामला क्राईम ब्रांच की जॉच के बाद अयोध्या नगर थाना पुलिस ने दर्ज किया है। महिला पर पुलिस इंस्पेक्टर ने आरोप लगाया था कि उसने ब्लैकमेल कर उससे मोटी रकम वसूली है, और 50 लाख की रकम और मांगते हुए पैसे न देने पर दुष्कर्म के केस में फसाने के साथ नौकरी से बर्खास्त कराने की धमकी दे रही है। अधिकारियो का कहना है कि पूरे मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच ने जांच की, इसके बाद सामने आये तथ्यो के आधार पर महिला के खिलाफ अयोध्या नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। गौरतलब है, कि आरोपी महिला ने साल 2022 में पुलिस कमिश्नर सहित थाने में शिकायत की थी। अपनी शिकायत में महिला ने बताया था की वह अयोध्या बायपास पर ढाबा संचालित करती है। पारिवारिक अनबन होने कारण वह अपने पति से अलग रहती है। साल 2019 राजकुमार कुंसारिया जब अयोध्या नगर थाने में सब इंस्पेक्टर के तौर पर पदस्थ थे, उसी दौरान उन दोनों की मुलाकात हुई थी। बातचीत में दोनों बचपन के परिचित निकले। इसके बाद राजकुमार ने उससे नजदीकियां बढ़ाई और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाते हुए अपने साथ लिवइन में रखा। महिला ने अपनी शिकायत में यह भी बताया था की राजकुमार ने उसे झांसा दिया था, की वह पत्नी से तलाक लेने के बाद उससे शादी करेगा। बाद में उसका ट्रांसफर पीटीएस होशंगाबाद हो गया था। इधर अयोध्या नगर पुलिस ने बताया कि इंस्पेक्टर की शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच ने पड़ताल की और जॉच में सामने आये साक्ष्यो के आधार पर इसकी जानकारी थाना अयोध्या नगर को दी गई है, इस आधार पर अयोध्या नगर थाने में आरोपी महिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले में आरोपी महिला की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस आगे की कार्यवाही में जुटी है।

Related Articles