खटाई में आप-कांग्रेस गठबंधन!, कोई आया तो ठीक, न आया तो ठीक… हम अकेले लड़ेंगे : खरगे
चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच पंजाब में गठबंधन खटाई में पड़ता दिख रहा है। आप के बाद अब कांग्रेस हाईकमान ने भी अकेले दम पर चुनाव लड़ने की बात कह दी है। वहीं आप आदमी पार्टी ने यहां तक कह दिया है कि वह फरवरी के आखिरी सप्ताह तक उम्मीदवारों का एलान कर देगी।पंजाब के खन्ना में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब सीएम भगवंत मान ने शनिवार को पंजाब की 13 और चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर अकेले चुनाव लड़ने का एलान किया। अब एक दिन बाद लुधियाना जिले के समराला में रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी अकेले दम पर चुनाव लड़ने की बात कह दी। यह पहली बार है जब कांग्रेस हाईकमान ने आप के साथ गठबंधन के बीच पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की बात कही। हालांकि पंजाब कांग्रेस के कई नेता आप के साथ गठबंधन नहीं करने की बात हाईकमान तक पहुंचा चुके हैं। उनका मानना है कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को ही इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है।