Uncategorized

हैती में व्यवस्था बहाल करने अंतरराष्ट्रीय सेना में शामिल होगा बांग्लादेश

जेनेवा। हैती की राजधानी पोर्ट-ऑ-प्रिंस सहित देश के कई हिस्सों में सशस्त्र गिरोह अराजकता फैलाए हुए हैं। इस दौरान हजारों लोग मारे गए हैं। हैती में व्यवस्था बहाल करने में मदद के लिए बांग्लादेश भी अंतरराष्ट्रीय सेना में शामिल होने के लिए सहमत हो गया है।
संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी देते बताया कि बांग्लादेश उन छह देशों में से एक है, जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को लिखा है कि वे हैती में बहुराष्ट्रीय सुरक्षा सहायता मिशन (एमएसएसएम) में अपना योगदान देना चाहते हैं। सुरक्षा परिषद ने हैती में स्थिति को सुधारने में मदद करने के लिए एमएसएसएम मिशन का गठन किया है। यह मिशन संयुक्त राष्ट्र से स्वतंत्र रूप में कार्य करेगा। केन्या के नेतृत्व वाली सेना में बहामास, बारबाडोस, बेनिन, चाड और जमैका शामिल हैं।
गौरतलब है कि हैती में सशस्त्र गिरोह अराजकता फैला रहे हैं। इससे हजारों लोगों की जान जा चुकी है। 1.4 मिलियन लोगों को अकाल का सामना करना पड़ रहा है और चार मिलियन लोगों को गंभीर खाद्य असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। इस साल फरवरी में हैती के पीएम एरियल हेनरी देश छोड़कर अमेरिका भाग गए थे। उन्होंने पिछले सप्ताह अमेरिका में निर्वासन के दौरान इस्तीफा दे दिया। 2021 में राष्ट्रपति जोवेनेल मोइज़ की हत्या कर दी गई थी।

Related Articles