Uncategorized

छतरपुर में बनेगा छत्रसाल लोक

नरेंद्र तोमर बोले- शिवराज जो कहते हैं, करते हैं

भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को कहा कि छतरपुर जिले के मऊ सहानिया में बुंदेलखंड केसरी महाराजा छत्रसाल के समाधि स्थल पर छत्रसाल लोक बनाया जाएगा। उन्होंने भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में महाराणा प्रताप स्मारक के भूमिपूजन के बाद यह घोषणा की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री की दूरदृष्टि का परिणाम है कि हम लोग महाराणा प्रताप स्मारक के शिलान्यास समारोह के साक्षी बन पा रहे हैं। उज्जैन में महाकाल लोक, ओंकारेश्वर में आदिगुरु शंकराचार्य लोक, ओरछा में राम राजा लोक, सीहोर के सलकनपुर में मैया का लोक… एक के बाद एक सांस्कृतिक अभ्युदय के कार्यक्रम शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में हुए। जब फिल्म पद्मावती को लेकर आंदोलन हुआ, तो शिवराज ने फिल्म पर प्रतिबंध लगाया। लोगों के बिना मांग किए ही भोपाल में महारानी पद्मावती का स्मारक बनाने की बात कही। यह वो नेता हैं, जो कहते हैं, करते हैं।तोमर ने कहा, एक समय था जब भारत को सोने की चिडिय़ा कहा जाता था। दुर्भाग्य से एक समय ऐसा भी आया, जब भारत में अकबर को महान बताया जाने लगा। इसी का परिणाम है कि हम लोग लंबे कालखंड तक दुरावस्था के शिकार हुए। अगर अकबर के स्थान पर आजादी के बाद महाराणा प्रताप और महाराज शिवाजी महान थे, पढ़ाया जाता तो आज हिंदुस्तान दुनिया का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बन गया होता।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें गलत इतिहास पढ़ाया गया। अकबर महान हो गए। महाराणा प्रताप की सही जीवनी भी नहीं पढ़ाई। हम इतिहास बदल देंगे। जो सही है, वो आने वाली पीढिय़ों के सामने लाएंगे। सरकार का काम सिर्फ स्कूल, अस्पताल, पुल, पुलिया बनाना नहीं, सही इतिहास पढ़ाना भी है।

Related Articles