Uncategorized

समय सीमा में सौंपे गए दायित्वों का पूरा करें : संभागायुक्त

भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा तीन फरवरी को विदिशा में आयोजित मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत लाभांवित होने वाले हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया जाएगा। उपरोक्त आयोजन कृषि उपज मंडी मिर्जापुर में दोपहर डेढ़ बजे से शुरू होगा।

            भोपाल संभागायुक्त माल सिंह भयड़िया ने रविवार को विदिशा में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान कार्यक्रम के मद्देनजर किए गए प्रबंधों का जायजा लिया। नवीन कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन-जिन अधिकारी, कर्मचारियों को जो-जो दायित्व सौंपे गए है उनका क्रियान्वयन समय सीमा में पूरा हो। इस कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि क्षमा नहीं की जाएगी।
            संभागायुक्त श्री भयड़िया ने बैठक में कलेक्टर को निर्देश दिए है कि आयोजन स्थल पर हीं कम्प्यूटर विथ प्रिन्टर सहित रखने का कार्य किया जाए ताकि जिस भी किसी अधिकारी, कर्मचारी के द्वारा सौंपे गए कार्यो के क्रियान्वयन में कोताही बरती जाती है तो उसके खिलाफ मौके पर ही कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही के आदेश जारी किए जाएंगे।
            संभागायुक्त श्री भयड़िया ने कहा कि सम्पूर्ण आयोजन सुव्यवस्थित निर्विघ्न रूप से सम्पन्न हो इसके लिए हम सबको अपने-अपने कार्यो को पूर्ण ईमानदारी और सजगता से समय सीमा में करना होगा। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर एक लाख से अधिक नागरिकों को आमंत्रित किया जा रहा है जिसमें महिलाओं की संख्या 75 प्रतिशत हो ऐसी व्यवस्थाएं क्रियान्वित करें। कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की अव्यवस्थाओं का सामना ना करना पडे का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने जिलेवार हितग्राहियों और आगंतुक गणमान्य नागरिकों के लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर बीमार और वृद्धजन ना पहुंचे की व्यवस्थाएं क्रियान्वित की जाएं।
            संभागायुक्त श्री भयड़िया ने कहा कि शीघ्र ही तीनो संभागो के अधिकारियों की संयुक्त व्हीसी आयोजित कर उन्हें आयोजन के मापदण्डों से अवगत कराया जाएगा।
            कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने आयोजन के मद्देनजर अब तक की गई व्यवस्थाओं पर संक्षिप्त बिन्दुवार प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि विदिशा जिले से अधिक से अधिक नागरिकों को आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए प्रबंध सुनिश्चित किए गए है। इसके लिए विकासखण्डवार, निकायवार, विभागवार लक्ष्य भी तय किए गए है। उपरोक्त लक्ष्यों की समुचित जानकारी 30 जनवरी को सभी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए है। ग्राम पंचायतों एवं निकायो के वार्डो में भी आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराने के प्रबंध क्रियान्वित किए गए है। उन्होंने आयोजन स्थल पर किए गए प्रबंधों के अलावा पार्किंग के संबंध में भी जानकारी दी।
            कलेक्टर श्री भार्गव ने बताया कि आयोजन स्थल पर मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान से लाभांवित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया जाएगा वहीं मुख्यमंत्री किसान सम्माननिधि की राशि वन क्लिक के माध्यम से मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रदेश के पात्रताधारी कृषकों को जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री जी द्वारा आयोजन स्थल पर निर्माण कार्यो का लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश की नवीनतम लाड़ली बहना योजना की भी शुरूआत विदिशा जिले से हो सकती है।
            बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ योगेश भरसट समेत सभी विभागो के जिलाधिकारी मौजूद रहें वहीं व्हीसी के माध्यम से खण्ड स्तरीय अधिकारियों से संवाद किया गया। 

Related Articles