दो घंटे भी अस्पताल में रहे तो मिलेगा हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम
नई दिल्ली । यदि पॉलिसी लेते समय समझदारी से काम लिया जाए तो दो घंटे भी अस्पताल में रहते हैं तो भी क्लेम मिल सकता है। इसके लिए हेल्थ इंश्योरेंस लेने के पहले सारी शर्तों को सही से पढ़ लेना चाहिए। क्योंकि क्लेम सेटलमेंट से जुड़ी शर्तों में सबसे अहम शर्त होती है, 24 घंटे तक अस्पताल में भर्ती होने की कंडीशन। आमतौर पर ज्यादातर हेल्थ इंश्योरेंस में यह शर्त होती है। जबकि ऐसा जरूरी नहीं है कि किसी छोटी स्वास्थ्य समस्या के लिए पूरा एक दिन अस्पताल में भर्ती रहना पड़े। कुछ बीमारियों या समस्याओं का इलाज 2 से 5 घंटे में भी हो जाता है। तब जरुरी नहीं है कि 24 घंटे अस्पताल में भर्ती रहने पर ही आपको क्लेम मिलेगा। जानकारों की मानें तो बाजार में अब ऐसे हेल्थ प्लान भी आ गए हैं जिनमें क्लेम हासिल करने के लिए 24 घंटे तक हॉस्पिटल में एडमिट रहने की बाध्यता नहीं है। अब आ रही कुछ हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसियों में 24 घंटे नहीं बल्कि 2 घंटे का हॉस्पिटेलाइजेशन टाइम भी मिल रहा है। ऐसे में आप 2 घंटे तक अस्पताल में भर्ती रहने पर भी क्लेम कर सकते हैं इसलिए पॉलिसी खरीदने से पहले पॉलिसी शर्तों के बारे में अच्छे से पढ़ लेना चाहिए।