Uncategorized

झांसी में सूदखोर ने किसान को मारी गोली, पत्नी की भी हत्या


 अपनी जमीन वापस लेने रुपए लेकर पत्नी के साथ दबंग के घर गया था ‎किसान
झांसी ।
उत्तर प्रदेश के झांसी में दबंगों ने एक महिला की हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दबंगों ने महिला के पति को भी गोली मार दी। इस घटना में महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। घटना कटेरा थाना क्षेत्र के लोरहानगांव की है। जानकारी के मुताबिक, 65 वर्षीय किसान नारायण सिंह ने तीन साल पहले दबंगों के पास अपनी नौ बीघा जमीन गिरवी रख कर साढ़े तीन लाख रुपए उधार लिए थे। नारायण सिंह उधार ली गई इस रकम को रतन को धीरे-धीरे लौटा रहा था। बीती रात किसान और उसकी अपनी जमीन वापस लेने के लिए दबंग के घर गए थे। इस दौरान गोली चलने से गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने देखा कि किसान नारायण सिंह गंभीर हालत में तड़प रहे थे। जबकि, उनकी पत्नी की गोली लगने से मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि दबंग ने किसान नारायण सिंह से उसकी जमीन लौटाने के एवज में 41 लाख रुपए की मांग की थी। इसको लेकर उनके बीच विवाद हो गया। इस पर गांव में कुछ दिन पहले पंचायत बैठी थी जिसमें यह फैसला हुआ था कि किसान दबंग को 25 लाख रुपए वापस करेगा। इस पर नारायण सिंह राजी हो गए थे, लेकिन इससे पहले इतनी बड़ी घटना हो गई जिसमें उनकी बुजुर्ग पत्नी की गोली मार कर हत्या कर दी गई। फायरिंग में वो भी गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती नारायण सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि अपनी जमीन वापस लेने के लिए वो रुपये लेकर अपनी पत्नी के साथ दबंग के घर गए थे। इस दौरान दोनों के बीच मामूली विवाद हुआ जिसमें दबंग प्रधान ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से दोनों पर फायरिंग कर दी। इस घटना में उनकी पत्नी की गोली लगने से मौत हो गई। पु‎लिस अ‎धिकारी ने बताया कि घायल किसान के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्दी ही हत्यारोपी दबंग को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles