Uncategorized

युवक की खुदकुशी के मामले में पत्नि के बाद उसका फरार प्रेमी तीन महीने बाद गिरफ्तार

भोपाल । गांधी नगर थाना पुलिस ने इलाके में स्थित ग्राम लाउखेड़ी में बीते साल अक्टूबर 2023 में युवक द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी किये जाने के मामले में पुलिस ने पत्नि के फरार आरोपी प्रेमी को भी करीब तीन महीने बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जॉच में सामने आया था कि युवक ने अपनी पत्नि और उसके प्रेमी द्वारा दी जा रही मानिसक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की थी। पुलिस ने करीब दस दिन बाद मृतक की लाश सड़ी गली हालत में फंदे पर लटकी बरामद की थी। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मूल रुप से ग्वालियर का रहने वाला 25 वर्षीय विनोद चौहान पिता केदार चौहान मेहनत-मजदूरी करता था, और लाउखेड़ी, गांधी नगर में पत्नी पिंकी सिंह के साथ किराए से रहता था। बीते साल सिंतबर माह की में तीज पर्व होने के कारण उसकी पत्नी ने मायके जाने का कहा था। लेकिन विनोद ने उसे जाने से मना कर दिया, और अपने काम पर निकल गया। उसके मना करने के बाद भी उसकी पत्नि अपने मायके कोलार चली गई थी। बाद में पत्नि मायके से वापस लाउखेड़ी आई तो उसे दरवाजे पर ताला लगा मिला। जिसके कारण वह वापस लौट गई। इसके बाद पत्नि दौबारा आई तब भी उसे पति विनोद नहीं मिला। उसने सास को इसकी जानकारी देते हुए विनोद के बारे में पूछा तब मां ने कहा कि वह उनके पास नहीं आया है। इसके बाद विनोद की मॉ ग्वालियर से भोपाल आ गई। उन्होनें बहू से बातचीत की और गांधीनगर थाने में बहू की तरफ से विनोद की गुमशुदगी दर्ज कराई। परिवार वालो ने उसकी खोजबीन के प्रयास शुरु किये विनोद की पत्नि ने सास को बताया की विनोद ने अल्फा फार्म हाउस के पास एक टीनशेड बनाकर रखा है। 1 अक्टूबर को विनोद को देखने के लिये जब दोनों अल्फा फार्म हाउस के पास झुग्गी नुमा शेड में पहुंचे तो वहॉ विनोद का शरीर सड़ी-गली हालत में फांसी के फंदे पर लटका नजर आया। उसके हाथ में मौजूद कड़े से उसकी पहचान की गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बताया की विनोद ने पत्नि के मायके जाने वाले दिन ही फांसी लगा ली होगी बाद में मर्ग कायम कर कारणो की जॉच शुरु की गई। जांच में सामने आया की मृतक की पत्नी पिंकी सिंह का धर्मेन्द्र कुशवाह पिता मोर मुकुट कुशवाह (27) निवासी, ग्राम सोखना वार्ड नंबर 16 हाथरस (उप्र) नामक युवक से प्रेमी प्रंसग चल रहा था। और दोनो विनोद को मानसिक रूप से प्रताडित करते थे, उनकी प्रताड़ना से तंग आकर ही विनोद ने यह आत्मघाती कदम उठाया था। जॉच के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नि पिंकी सिंह (23) और उसके प्रेमी धर्मेन्द्र कुशवाह निवासी जिला हाथरस (उप्र) के खिलाफ आत्महत्या के लिये उकसाने सहित अन्य धाराओ में मामला कायम किया था। पुलिस ने पिंकी सिंह को 30 नंवबर 2023 को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं उसका आरोपी प्रेमी मामला दर्ज होने के बाद से ही फरार चल रहा था। उसकी धरपकड़ के लिये पुलिस पार्टी जिला हाथरस (यूपी) भी भेजी गई थी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका। उसकी गिरफ्तारी पर 3 हजार का ईनाम भी घोषित किया गया था। बीते दिन टीम को मुखबिर से सूचना मिली फरार आरोपी धर्मेन्द्र अपनी प्रेमिका पिंकी सिंह के घर ग्राम लाउखेडी गांधी नगर के आस-पास देखा गया है। खबर मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर आरोपी धर्मेन्द्र कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles