टी20 विश्वकप में आयरलैंड के खिलाफ जीत के इरादे से उतरेगी भारतीय टीम

न्यूयार्क । रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम बुधवार को आयरलैंड के खिलाफ टी20 विश्वकप के अपने पहले ही मैच में बड़ी जीत के इरादे से उतरेगी। भारतीय टीम इस मैच में जीत की प्रबल दावेदार है। भारतीय टीम का लक्ष्य इस मैच में बड़ी जीत हासिल कर अपना मनोबल बढ़ाना रहेगा। इस मैच के लिए विराट कोहली भी भारतीय टीम से जुड़ गये हैं। भारतीय टीम ने अपने एकमात्र अभ्यास मैच में बांग्लादेश को हराकर था। उस मैच में जहां रोहित शर्मा और संजू सैमसन ने पारी की शुरुआत की पर ये जोड़ी सफल नहीं रही और सैमसन शुरुआत में ही आउट हो गये। वहीं तीसरे नंबर पर ऋषभ पंत उतरे थे। ऋषभ ने शानदार अर्धशतक लगाया था जिससे अब माना जा रहा है कि सैमसन को इस मैच में शायद ही अवसर मिले।
इस मैच में रोहित साथ विराट कोहली ओपनिंग कर सकते हैं। ऐसे में यशस्वी जायसवाल को शायद ही इस मैच में जगह मिले क्योंकि तीसरे नंबर पर ऋषभ को उतारा जा सकता है। बांग्लादेश अभ्यास मैच में ऋषभ ने तीसरे नंबर पर अच्छी बल्लेबाजी की थी।
वहीं चौथे नंबर पर सूर्यकुमार यादव का आना करीब तय है। वहीं नंबर 5 पर उपकप्तान हार्दिक पंड्या उतर सकते हैं। अभ्यास मैच में उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की थी। ये भी हो सकता है कि हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे दोनों को एक साथ ही अंतिम ग्यारह में अवसर दिया जाये। इसका कारण है कि ये दोनों ही ऑलराउंडर भी हैं। इसके बाद रविंद्र जडेजा और अक्षर पटेल को अवसर दिया जा सकता है। ये दोनों गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी भी करते हैं। इसके बाद कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह के अलावा अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिरजा में से एक को मौका दिया जा सकता है।
वहीं दूसरी ओर पॉल स्टर्लिंग की कप्तानी में उतर रही आयरलैंड टीम भारत के सामने कहीं नहीं ठहरती इसके बाद भी आयरलैंड की टीम से भारत को सतर्क रहना होगा क्योंकि जिसने 2007 के वनडे विश्व कप में पाकिस्तान को बाहर किया था। दोनो के बीच टी20 विश्व कप में अब तक एक बार मुकाबला हुआ है। ये मैच टी20 विश्व कप 2009 में हुआ था जिसमें भारतीय टीम जीती थी। आयरलैंड की बल्लेबाजी और गेंदबाजी भारतीय टीम के मुकाबले काफी कमजोर है।
भारत और आयरलैंड की टीमें टी20 इंटरनेशनल मैचों में 7 बार टकराई हैं। भारतीय टीम को इस दौरान सभी मैचों में जीत मिली है। दोनों टीमें पिछले साल (2023 ) में भिड़ी थीं, जहां भारत ने आयरलैंड को 2-0 से पराजित किया था। दोनों टीमें टी20 वर्ल्ड कप 15 साल पहले भिड़ी थीं। 2009 में टी20 वर्ल्ड में भारत ने आयरलैंड को पराजित किया था।भारत और आयरलैंड के लिए अच्छी खबर है कि उनका कोई भी खिलाड़ी इस समय चोटिल नहीं है।
दोनो ही टीमें इस प्रकार हैं :
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पांड्या, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
आयरलैंड : पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), मार्क अडायर, रॉस अडायर, एंड्रयू बालबर्नी, कर्टिस कैंपर, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, ग्राहम ह्यूम, जोश लिटिल, बैरी मैक्कार्थी, नील रॉक, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर, बेन व्हाइट, क्रेग यंग।



