केकेआर की सहमालिक जूही बोलीं, शाहरुख की तबियत अब पहले से ठीक

हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के कारण अस्पताल में हैं भर्ती
फाइनल में टीम का हौंसला बढ़ाने स्टेडियम में रहेंगे
अहमदाबाद । हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के कारण अस्पताल में भर्ती बॉलीबुड अभिनेता शाहरुख खान की तबियत अब पहले से ठीक है और वह अच्छा महसूस कर रहे हैं। आईपीएल टीम केकेआर के मालिक शाहरुख को ये हीट स्ट्रोक इस कारण हुआ क्योंकि उन्होंने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में केकेआर और सनराइजर्स के बीच हुए मैच में अपनी टीम की जीत के बाद खुश होकर स्टेडियम का एक चक्कर लगाया था। इस दौरान वह खिलाड़ियों के साथ ही कई लोगों से भी मिले थे। शाहरुख को देखने के लिए केकेआर की सह मालिक जूही चावला और उनके पति जे मेहता भी पहुंचे और उन्होंने इस मुलाकात के बाद कहा, – शाहरुख अपने बच्चों सुहाना, अबराम और अपनी मैनेजर पूजा ददलानी के साथ ये मैच देखने पहुंचे थे। इसी दौरान शाहरुख को ये हीट स्ट्रोक आया, जिसके बाद उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया था। उनका इलाज किया जा रहा है। अब वो पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं। भगवान की कृपा से वो जल्द ही ठीक होंगे। साथ ही कहा कि वह आईपीएल के फाइनल मैच में अपनी टीम का हौंसला बढ़ाने स्टेडियम में रहेंगे।।
पिछले 2 दिनों से शाहरूख अपनी टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए अहमदाबाद में थे। गर्मी होने के कारण ही वह डीहाइड्रेशन का शिकार हुए। मैच के बाद भी शाहरूख लंबे समय तक मैदान में रहे और प्रशंसकों का आभार जताते रहे। इसके बाद देर रात वो अपनी टीम के साथ अहमदाबाद के एक पांच सितारा होटल पहुंचे पर 22 मई यानी बुधवार की सुबह उनकी तबीयत बिगड़ गई। दोपहर 1 बजे उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अभी तक अस्पताल की तरफ से कोई भी आधारिक बयान नहीं आया है। वहीं प्रशंसक शाहरूख के जल्द से जल्द ठीक होने की उम्मीद कर रहे हैं।



