पेरिस ओलंपिक से पहले प्रशिक्षण के लिए फ्रांस और जर्मनी जाएंगे लक्ष्य और सिंधु

नई दिल्ली । देश के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ियों में शामिल लक्ष्य सेन और पीवी सिंधु आगामी ओलंपिक खेलों की तैयारियों के लिए विदेश में प्रशिक्षण लेंगे। इन दोनो को ही फ्रांस और जर्मनी में प्रशिक्षण के लिए भेजा जा रहा है। खेल मंत्रालय के मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) ने इन दोनो ही स्टार खिलाड़ियों के लिए वित्तीय सहायता मंजूर कर ली है। लक्ष्य ने फ्रांस के मार्सिले में 12 दिवसीय प्रशिक्षण सत्र के लिए वित्तीय सहायता मांगी थी। पेरिस में पुरुष एकल स्पर्धा में भाग लेने वाले लक्ष्य ओलंपिक से पहले आठ से 21 जुलाई तक अपने कोच और सहयोगी स्टाफ के साथ द हाले डेस स्पोर्ट्स पार्सेमेन में प्रशिक्षण लेंगे। वहीं सिंधु ने जर्मनी के सारब्रुकेन में हरमन-न्यूबर्गर स्पोर्ट्सशुल में प्रशिक्षण के प्रस्ताव भेजा था। पेरिस जाने से पहले वह अपने कोच और सहयोगी स्टाफ के साथ वहां एक महीने से अधिक समय तक अभ्यास करेंगी।
इस दोनो ही खिलाड़ियों के हवाई किराए, रहने-खाने के खर्चे, स्थानीय परिवहन शुल्क, वीजा शुल्क, शटलकॉक के खर्चे को मंत्रालय की टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) के तहत स्वीकृति दी गयी है। इसके अलावा टेबल टेनिस खिलाड़ी श्रीजा अकुला और तीरंदाज तिशा पुनिया के उपकरण खरीदने के प्रस्तावों और गोल्फर अदिति अशोक तथा तैराक आर्यन नेहरा के विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए सहायता के अनुरोध को भी स्वीकार कर लिया गया है। टॉप्स इन खिलाड़ियों के हवाई किराए, रहने के खर्चे, स्थानीय परिवहन लागत सहित सभी खर्च उठाएगा।’’ इसके अलावा टेबल टेनिस खिलाड़ी हरमीत देसाई और महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम को टॉप्स कोर ग्रुप में शामिल किया गया है।



