Uncategorized

यात्रियों के कान से खून निकला, 17 घायल

सियोल । दक्षिण कोरिया से ताइवान जाने वाली बोइंग की फ्लाइट केई189 उड़ान भरने के कुछ देर बाद अचानक 26,900 फीट नीचे आ गई, जिसके बाद इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इस दौरान कई यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत हुई और कान में दर्द हुआ। इसके बाद फ्लाइट के क्रू मेंबर्स ने यात्रियों को ऑक्सीजन मास्क लगाने को कहा।
फ्लाइट ने शनिवार को स्थानीय समयानुसार शाम 4 बजकर 45 मिनट पर दक्षिण कोरिया के इंचियोन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। उड़ान के 50 मिनट बाद ही उसमें तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण फ्लाइट 15 मिनट में ही 26,900 फीट नीचे आ गई। उस समय यह दक्षिण कोरिया के जेजू द्वीप के ऊपर थी। तब विमान के प्रेशर सिस्टम ने तकनीकी खराबी का सिग्नल दिया, जिसके बाद फ्लाइट को टेकऑफ की लोकेशन इंचियोन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया।
15 यात्रियों के कान में दर्द
फ्लाइट की ऊंचाई अचानक कम होने की वजह से घायल हुए 17 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि उन्हें कुछ समय बाद ही डिस्चार्ज कर दिया गया था। वहीं 15 यात्रियों ने कान के परदे में दर्द या हाइपरवेंटिलेशन की शिकायत की। यात्रियों ने बताया कि वे लोग बहुत डर गए थे और विमान में मौजूद बच्चे रोने लगे थे। यात्रियों को डर था कि कहीं फ्लाइट नीचे न गिर जाए। कोरियन एविएशन अथॉरिटी ने फ्लाइट की तकनीकी खराबी का कारण जानने के लिए जांच के आदेश दे दिए है। सभी यात्रियों को 19 घंटे बाद एक दूसरी फ्लाइट से ताइवान के ताइपे पहुंचा गया।

Related Articles