Uncategorized

प्रियंका ने कहा, ससुराल में आकर हो रही है खुशी

भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल हुईं प्रियंका गांधी ने लोगों से किए सवाल

मुरादाबाद । मुरादाबाद से भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज शनिवार आगाज हुआ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ खुली जीप में बैठकर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और कार्यक्रम स्थल पर बड़ी तादाद में लोग पहुंचे।
मुरादाबाद में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में हिस्सा ले रहीं प्रियंका गांधी ने कहा कि ससुराल वालो यहां आकर मुझे बेहद खुशी हो रही है। इसी दौरान प्रियंका ने लोगों से सवाल करते हुए कहा कि 2 साल में आखिर क्या बदला है? जनसमस्याओं का समाधान हुआ की नहीं? आगे उन्होंने कहा कि आज पेपर लीक हो रहे हैं। युवा बेराजगार घूम रहा है और मौजूदा सरकार उन पर जुल्म ढा रही है। बेरोजगारी का आलम यह है कि लगातार बढ़ती जा रही है। परेशान किसान आंदोलन की राह पर हैं। किसान आंदोलन लगातार जारी है, लेकिन आज भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
यहां प्रियंका गांधी ने बुलडोजर प्रथा पर चोट करते हुए कहा कि जब भी बुलडोजर चलता है तो गरीब के घर पर ही चलता है। उन्होंने सवाल किया कि छह किसानों को रौंदने वाले के घर पर आखिर बुलडोजर क्यों नहीं चला? पेपर लीक के घोटालेबाजों के घर पर कोई सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उन्होंने कहा कि जब तक युवाओं को रोजगार प्राप्त नहीं होगा तब तक तरक्की नहीं होगी।
इस अवसर पर राहुल गांधी ने कहा कि पिछड़ों और दलितों को इस सरकार में न्याय प्राप्त नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अग्निवीर योजना शुरू करने का मकसद ही एक उद्योगपति को फायदा पहुंचाना था। राहुल ने अपने अंदाज में कहा कि यहां नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलनी है। उन्होंने कहा कि देश भक्त देश को जोड़ने का काम करता है, तोड़ता नहीं। हम देश का भाईचार खत्म नहीं होने देंगे। इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी खुली जीप में सवार हो लोगों का अभिवादन स्वीकार करते दिखे। यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ ही समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने भी दोनों का जोरदार स्वागत किया।
25 को संभल से शुरु होकर यात्रा आगरा पहुंचेगी
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के संबंध में जानकारी दे रहे कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि मुरादाबाद में प्रियंका गांधी प्रमुख रुप से यात्रा में शामिल हुई हैं, यह यात्रा का 42 वां दिन है। इसके बाद कल रविवार 25 तारीख को यात्रा संभल से शुरू होकर आगरा पहुंचेगी। इसमें सपा नेता व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शामिल होंगे। 26 फरवरी से 1 मार्च तक यात्रा बंद रहेगी। वहीं कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा का असर उत्तर प्रदेश में देखने को मिल रहा है। पेपर लीक होने के मुद्दे को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने जोरदार तरीके से उठाया था। अब इसका असर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने आवाज बुलंद की तो यूपी सरकार को सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा को रद्द करना पड़ा है। अब सभी को न्याय दिलाने के लिए यह यात्रा जारी है।

Related Articles