Uncategorized

पुखराज भटेले ने देश में बढ़ते भ्रष्टाचार पर चिंता जताई, सरकार की निष्क्रियता पर उठाए सवाल

भोपाल: बच्चे बचाओ अभियान के संस्थापक और अध्यक्ष पुखराज भटेले ने देश में दिन प्रतिदिन बढ़ते भ्रष्टाचार पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के मामलों पर मौन क्यों है। भटेले ने सवाल उठाया कि क्या केंद्र सरकार को भ्रष्टाचार की जानकारी नहीं होती है या वे जानकारी लेना ही नहीं चाहते।

उन्होंने कहा कि देश की इकॉनोमी से ज्यादा पैसा नेता भ्रष्टाचार के नाम पर जनता से लूट चुके हैं। किसी भी राजनीतिक पार्टी ने अब तक इस लूट की व्यवस्था को बंद करने में सफलता नहीं पाई है। उन्होंने पूछा, “क्या देश इन नेताओं और उनके द्वारा नियुक्त सहयोगी अधिकारियों से लुटता रहेगा या सरकार इनके खिलाफ कानूनी और दंडात्मक कार्यवाही करेगी?”

भटेले ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार इस पर चुप्पी साधे रहती है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का उल्लेख किया जिसमें राजीव गांधी ने संसद में कहा था कि सरकार विकास के लिए एक रूपए भेजती है, लेकिन उसमें से 80 पैसा नेता और अधिकारियों के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है।

भटेले ने कहा कि आज तक कोई भी सरकार इस व्यवस्था पर लगाम क्यों नहीं लगा पाई है। उन्होंने सवाल किया, “क्या सरकारें खुद अपने ऐश-आराम के लिए भ्रष्टाचार को बढ़ावा देती हैं, या जनता को विकसित भारत बनाने के नाम पर लूटा जा रहा है?”

भटेले ने सरकार से इस मुद्दे पर जवाब देने और इस समस्या का समाधान निकालने की मांग की है, ताकि जनता का टैक्स रूपी पैसा देश के विकास में लगे और महंगाई को खत्म किया जा सके।

Related Articles