Uncategorized

धार के बदनावर में आदिवासी सभा करेंगे राहुल गांधी

मुरैना से मप्र में प्रवेश होगी न्याय यात्रा; ग्वालियर-गुना में रोड शो करेंगे

भोपाल । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 2 मार्च को धौलपुर (राजस्थान) से मध्यप्रदेश में मुरैना से एंट्री करेगी। मप्र में यह यात्रा 5 दिन रहेगी। रतलाम जिले के सैलाना से राजस्थान के बांसवाड़ा जिले की सीमा में प्रवेश करेगी।
मप्र में एंट्री करने के साथ ही शुरुआती दौर में मुरैना में पहली सभा होगी। बाद में राहुल गांधी रोड शो और नुक्कड़ सभाओं के जरिए लोगों को संबोधित करेंगे। मुरैना से लेकर रतलाम तक राहुल गांधी अलग-अलग ग्रुप्स के साथ चर्चा करेंगे। हर ग्रुप के साथ अलग मुद्दों पर चर्चा होगी। 26 फरवरी से 1 मार्च तक यात्रा का ब्रेक होगा। दरअसल, राहुल गांधी 27 और 28 फरवरी को इंग्लैंड की कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी जाकर लेक्चर देंगे। यहां वे पढ़े भी हैं। उन्होंने एक साल पहले कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने का वादा किया था। इसी बीच वे नई दिल्ली में होने वाली महत्वपूर्ण बैठकों में भी शामिल होंगे।
694 दिन बाद महाकाल के दर्शन करेंगे राहुल गांधी
इंग्लैंड से लौटने के बाद 2 मार्च को दोपहर 2 बजे धौलपुर से एक बार फिर भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू होगी। इसके बाद यह मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, शाजापुर और उज्जैन सहित मध्यप्रदेश के अन्य जिलों को कवर करेगी। 5 मार्च की दोपहर 2 बजे राहुल गांधी उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे। राहुल गांधी 694 दिन के बाद महाकाल के दर्शन करेंगे। उन्होंने पिछली बार भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 29 नवंबर 2022 को महाकाल के दर्शन किए थे।

Related Articles