लिफ्ट लगवाने के नाम पर सेना के रिटायर्ड अफसर से लाखो की ठगी

काम अधुरा छोडं चंपत हुआ ठेकेदार, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
भोपाल । बागसेवनिया पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद सेना के रिटायर्ड अफसर के घर में लिफ्ट लगवाने के नाम पर रकम लेने के बाद काम अधुरा छोड़कर चंपत हुए ठेकेदार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एमरॉल्ड सिटी पार्क में रहने वाले हरगोवदिं तेजपाल आर्मी से रिटायर्ड हैं। करीब दो साल पहले उन्होने अपने घर में लिफ्ट लगवाने के लिये कटारा हिल्स इलाके में रहने वाले सत्यशील वालखेड़े नाम के युवक से संपर्क किया था। सत्यशील छोटे-बड़े भवनों में लिफ्ट लगाने का काम करता है। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच हुए एग्रीमेंट के अनुसार फरियादी ने सत्यशील ने काम शुरू करने के लिये पॉच लाख की रकम दे दी। उसने काम से जुड़ा सामान साइट पर रखवाकर काम शुरु किया लेकिन जल्द ही काम बंद कर दिया। बातचीत करने पर वह जल्द ही काम दोबारा शुरु करने का कहते हुए टालमटोल करने लगा। जब कई महीनों तक सत्यशील उन्हें टरकाता रहा तब हरगोविंद तेजपाल ने सत्यशील के खिलाफ अदालत में परिवाद लगा दिया। करीब दो साल पुराने मामले में सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने पुलिस को धोखाधड़ी की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सत्यशील के खिलाफ ठगी का प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी



