टी20 विश्वकप में विकेटकीपर बल्लेबाज के लिए ऋषभ ही होंगे पहली पसंद : पार्थिव

नई दिल्ली । पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने कहा है कि आगामी टी20 विश्वकप के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर ऋषभ पंत का दावा सबसे ज्यादा मजबूत है।
टी20 विश्व कप में किस विकेटकीपर को अंतिम ग्यारह में जगह मिलेगी ये सवाल भी उठ रहा है क्योंकि संजू सैमसन भी टीम में हैं और उन्होंने भी आईपीएल में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने 15 मैचों में पांच अर्धशतक की मदद से 521 रन बनाये हैं। इस दौरान उनका औसत 52.10 और स्ट्राइक रेट 155.52 का रहा है। वहीं कार हादसे से उबरे
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ ने इस दौरान 13 मैचों में 40.55 की औसत और 155.40 के स्ट्राइक रेट से 446 रन बनाये। उनकी टीम हालांकि प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही। पार्थिव ने विश्व कप के लिए भारतीय टीम के विकेटकीपर के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘ भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम देखे तो इसमें कोई संदेह नहीं कि विकेटकीपर बल्लेबाज के लिए ऋषभ ही पहली पसंद होंगे।’’
पार्थिव ने कहा, ‘‘ सैमसन ने काफी रन बनाये हैं पर ऋषभ अलग तरह की विविधता लेकर आते हैं। भारत के शीर्ष क्रम में दायें हाथ के बल्लेबाज ज्यादा हैं ऐसे में बायें हाथ के बल्लेबाजों की जरूरत बनी रहती है।’’ आईपीएल में सैमसन तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी कर रहे हैं जबकि ऋषभ ने ज्यादातर मैचों में चौथे या पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी की है। पार्थिव ने हालांकि सैमसन को किसी मामले में कम नहीं माना है। उन्होंने कहा, ‘‘सैमसन के पास विविधता है, वह अभी भले ही तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी कर रहे हो लेकिन वह ऐसे खिलाड़ी है जो निचले क्रम पर भी बल्लेबाजी कर सकते हैं, हमने इस तरह की भूमिका में उन्हें पहले भी देखा है।’’
उन्होंने कहा, विश्व कप में अभी कुछ समय है, मैं मानता हूं कि शुरुआती मैचों में ऋषभ टीम का हिस्सा होंगे।’’ वहींइंग्लैंड के दिग्गज स्पिनर ग्रीम स्वान को उम्मीद है कि स्पिनर युजवेंद्र चहल को भी भारतीय टीम में जगह मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘‘ चहल पिछले 10 साल से आईपीएल के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं। वह ओस के गीली हुई गेंदों से अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।’’
वहीं पार्थिव ने कहा कि कहा कि स्पिनर के तौर पर कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल को भी एक साथ खेलने का अवसर मिल सकता है।



