Uncategorized

रोहन बोपन्ना पेरिस ओलंपिक के लिए बालाजी या भांबरी को बना सकते हैं जोड़ीदार

नई दिल्ली । आगामी पेरिस ओलंपिक में भारत के शीर्ष युगल खिलाड़ी रोहन बोपन्ना रोहन बोपन्ना एन श्रीराम बालाजी या युकी भांबरी के साथ जोड़ी बना सकते हैं। अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के अनुसार विश्व युगल रैंकिंग में बोपन्ना शीर्ष दस में होने के कारण अपना जोड़ीदार स्वयं चुन सकते हैं। पेरिस ओलंपिक में पुरूष युगल ड्रॉ में 32 टीमें होंगी जिसमें से एक देश अधिकतम दो टीमें रख सकता है।
क्वालीफिकेशन मानदंडों के तहत शीर्ष दस में शामिल खिलाड़ी अपना जोड़ीदार चुन सकते हैं जो एटीपी या डब्ल्यूटीए रैंकिंग में शीर्ष 300 के भीतर होना चाहिये। फ्रेंच ओपन के बाद 10 जून की रैंकिंग क्वालीफिकेशन के लिये मान्य होगी। एआईटीए सूत्रों के अनुसार बोपन्ना ने पेरिस ओलंपिक के लिये उनके जोड़ीदार के तौर पर टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) में शामिल करने के लिये एआईटीए को बालाजी और भांबरी का नाम भेजा है।
एआईटीए महासचिव अनिल धूपर ने कहा ,‘‘ आम तौर पर खिलाड़ी अपना जोड़ीदार खुद चुनता है। चयन समिति उससे विकल्प पूछेगी और उस पर बात की जायेगी। रोहन जिसके साथ भी खेलना चाहेगा, उस पर विचार किया जायेगा।’’ बालाजी ने हाल ही में जर्मनी के आंद्रे बेजेमैन के साथ कैगलियारी चैलेंजर टूर्नामेंट जीता था। वहीं भांबरी ने फ्रांस के अलबानो ओलिवेत्ती के साथ अप्रैल में म्युनिख में एटीपी 250 टूर्नामेंट जीता और इस महीने बोर्डो चैलेंजर के सेमीफाइनल में पहुंचे।

Related Articles