प्रशंसकों के साथ रोहित और सूर्यकुमार ने जमकर भांगड़ा किया

नई दिल्ली । टी20 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम का आज यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। कप्तान रोहित शर्मा और टीम के खिलाड़ियों को लेकर जैसे ही विशेष विमान पहुंचा। प्रशंसक नारे लगाने लग गये। जीत की खुशी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सड़कों पर प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान खिलाड़ियों का स्वागत भांगड़े के साथ हुआ। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव भी प्रशंसकों के साथ मस्ती में भांगड़ा करने लगे। सूर्यकुमार के जबरदस्त डांस को देखकर सभी हैरान रह गये।
भारतीय टीम जब हवाई अड्डे पर पहुंची तब हल्की बूंदाबादी हो रही थी। इसके बाद भी सुबह चार बजे से प्रशंसका वहां जमे हुए थे। ये सभी लोग बैनर और राष्ट्रीय ध्वज लिए हुए थे। वर्ष 2011 में जीते पिछले विश्व कप का जिक्र करते हुए एक प्रशंसक ने कहा, ‘हम पिछले 13 साल से इस पल का इंतजार कर रहे थे। टीम ने विश्व कप जीतकर हमें गौरवान्वित किया है।
भारतीय टीम को लेकर एक विशेष विमान एआईसी24डब्ल्यूसी ‘एयर इंडिया चैम्पियंस 24 विश्व कप’ भारतीय समयानुसार सुबह चार बजकर 50 मिनट पर बारबडोस से रवाना हुआ और 16 घंटे बिना रुके यात्रा करने के बाद आज यहां पहुंचा। भारतीय टीम विश्वकप जीतने के बाद से ही बारबाडोस में आये समुद्री तूफान ‘बेरिल के कारण फंस गयी थी क्योंकि हवाई अड्डा बंद होने से उड़ाने रुक गयीं थीं। भारतीय क्रिकेट को इसके कारण होटल में ही रुकना पड़ा। भारतीय टीम, सहयोगी स्टाफ, खिलाड़ियों के परिवार और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के कुछ अधिकारियों के अलावा टूर्नामेंट कवर करने गए भारतीय मीडियाकर्मी भी इस विमान से पहुंचे।



