Uncategorized

पारा 7 डिग्री पर, गलाव भरी ठण्ड से छूट रही कंपकंपी

सार्वजनिक स्थानों से अलाव नदारत, गरीबों की फजीहत

जबलपुर । जबलपुर में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। ठंड व शीतलहर के चलते जनजीवन प्रभावित है। हवा में नमी बढ़ने से गलन अधिक हो गई है। इन हालातों के बावजूद नगर निगम के कर्णधारों को सार्वजनिक स्थानों पर अलाव लगाने की आवश्यकता महसूस नहीं हो रही है। खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने वाले ठिठुर रहे हैं। शहर के सार्वजनिक स्थान रेल्वे स्टेशन, बस स्टेण्ड, रिक्शा स्टेण्ड, बल्देवबाग, बड़े महावीर, छोटे महावीर, नगर निगम, सिविक सेंटर, गौरीघाट, रानीताल चौक, लेबर चौक, क्षेत्रीय बस स्टेण्ड दमोहनाका में अलाव नजर नहीं आ रहे हैं। शुक्रवार को इस सीजन की सबसे सर्द रात रही, जब पारा ७ डिग्री पर लुढ़क आया।
पिछले दो दिनों से शहर में कड़ाके की ठण्ड का दौर चल रहा है। सुबह शाम गलाव भरी ठण्ड और दोपहर में शीतलहर ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। चौबीसों घंटे लोग गर्म वस्त्रों से लदे नजर आ रहे हैं। रात को सड़के जल्दी वीरान हो जाती हैं। ठण्ड से बचने लोग जल्दी घरों में दुबक जाते हैं। वहीं दूसरी ओर सुबह दिनचर्या देर से शुरू होती है। सुबह स्कूल जाने में बच्चों को खासी परेशानी हो रही है। लेकिन अभी तक प्रायवेट और सरकारी स्कूलों का समय नहीं बदला। जबकि तापमान दिन प्रतिदिन नीचे लुढ़क रहा है। हवा में गलन बढ़ रही है, जिससे ठण्ड बढ़ रही है। मौसम कार्यालय के मुताबिक पिछले २४ घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान २५.२ डिग्री सेल्सियस सामान्य से १ डिग्री कम दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान ७.८ डिग्री सेल्सियस सामान्य से ३ डिग्री कम दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल ७५ प्रतिशत और सायंकाल ५६ प्रतिशत दर्ज की गई। सूर्योदय सुबह ६.४४ बजे और सूर्यास्त शाम ५.२७ बजे हुआ। उत्तरी हवायें २ से ३ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। प्रदेश में सबसे ठण्डा जिला राजगढ़ रहा, जहां न्यूनतम तापमान ७ डिग्री तक नीचे लुढ़क गया। अगले २४ घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान २७.२ और न्यूनतम तापमान १५.० डिग्री दर्ज किया गया था।
ठंड से पहली मौत दर्ज……………….
कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने वालों के लिए ठंड अब मौत बनकर टूट रही है। ओमती थाना क्षेत्र में तैय्यबअली पेट्रोलपंप के पास ठंड से एक वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक ७० साल के अज्ञात व्यक्ति भिक्षा मांगकर जीवन यापन करता था और तैय्यबअली पेट्रोलपंप की बगल से बनी एक बेकरी की पट्टी में सो जाता था। पुलिस का कहना है कि ठंड की वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस मर्ग कायम कर मामलें की जांच कर रही है।
स्कूलों का समय बदला जाए…………….
पारा अब सितम ढा रहा है। स्कूले अभी भी ७ बजे से लग रही हैं। शीतकालीन प्रारंभ होने में अभी १० दिन है। सुबह-सुबह कड़ाके की ठंड होने की वजह से नर्सरी से लेकर आठवीं तक के बच्चों को खासी परेशानी हो रही हैं। बच्चों को सुबह ६ बजे से उठकर नहाना धोना मुश्किल हो रहा हैं ऐसे में सुबह के वक्त लगने वाली कक्षाओं में समय परिवर्तन की मांग उठने लगी है। जिला कलेक्टर से कई संगठनों ने आव्हान किया है कि केजी से आठवीं तक की शालाएं सुबह ९ बजे से लगाई जाए।

Related Articles