भारतीय टीम में संतुलन की कमी : स्टाइरिस

नई दिल्ली । न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर स्कॉट स्टाइरिस ने कहा है कि रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 विश्व कप में उतरी भारतीय टीम काफी बेहतर और प्रतिभाशाली है पर उसे जीत के लिए अपनी कमजोरियों को दूर करना पड़ेगा। स्टाइरिस के अनुसार भारतीय टीम में संतुलन की कमी है। स्टाइरिस ने टूर्नामेंट की अपनी पांच पसंदीदा टीमों की घोषणा करते हुए उनकी कमजोरियों को भी बताया है।
स्टाइरिस ने कहा, मुझे लगता है कि अगर वे सभी टीमें अपनी फॉर्म में आ जाती हैं तो किसी भी समय संभवतः चार या शायद पांच पसंदीदा टीमें जीत की दावेदार होंगी। दक्षिण अफ्रीका का प्रदर्शन काफी अच्छा है। इसके अलावा भारतीय टीम भी प्रतिभाशाली है पर उसका क्षेत्ररक्षण ठीक नहीं है। टीम का संतुलन भी एक समस्या है। इस पूर्व ऑलराउंडर ने कहा कि मुझे लगता है कि घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमें भी प्रबल दावेदार होंगी।



