Uncategorized

खेलो इंडिया यूथ गेम्स में खिलाड़ी आएं तो मध्य प्रदेश के खेलों की बेहतर सुविधाओं की यादों को साथ लेकर जाएं: अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और सीएम शिवराज सिंह चौहान ने किया खेलों इंडिया यूथ गेम्स के प्रतीक चिन्ह का अनावरण 

भोपाल । मध्य प्रदेश में खेलों की आधारभूत संरचना बेहतर है और मेरा मानना है कि खिलाड़ी खेलो इंडिया यूथ गेम्स में आएं तो महाकाल लोक और भोपाल जैसे सुंदर शहर की यादों के साथ-साथ यहां के खेलों की बेहतर आधारभूत संरचना को भी देखें और इसकी यादों को साथ लेकर जाएं। यह बात केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर में भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित खेलों इंडिया यूथ गेम्स के प्रतीक चिन्ह के अनावरण और मध्य प्रदेश शिखर खेल अलंकरण समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियां सही दिशा में चल रही हैं। श्री ठाकुर ने कहा कि मध्य प्रदेश में पिछले दो दशकों में खेलों की दिशा में बहुत ही बेहतर काम हुआ है। मध्य प्रदेश का शूटिंग रेंज सिर्फ राज्य का ही नहीं बल्कि देश के सबसे खूबसूरत शूटिंग रेंज में से एक है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के बारे में जितना सुन रखा था यहां आकर उससे कहीं ज्यादा पाया। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत देश के 22 करोड़ घरों पर झंडा लहराया गया और जब कोई खिलाड़ी गोल्ड मेडल जीतता है तो वह देश के तिरंगे की आन-बान शान को बढ़ता है। 
 अनुराग ठाकुर ने 2022 में खेलों के क्षेत्र की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि 2022 में भारत ने 44वें चेस ओलिंपियाड का आयोजन किया। साथ ही चेस टॉर्च रिले की परंपरा पहली बार भारत से शुरू हुई। भारत ने पहली बार बैडमिंटन के थॉमस कप में गोल्ड मेडल जीता। 7 साल बाद देश में गुजरात में नैशनल गेम्स आयोजित हुए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में 12 नए रिकॉर्ड बने जिसमें 11 बेटियों ने बनाया। श्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि 15 अगस्त 2023 तक एक हजार खेलो इंडिया सेंटर खुल जाएंगे।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी समारोह को संबोधित किया। समारोह में मुख्य मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने खेलों इंडिया यूथ गेम्स के प्रतीक चिन्ह का अनावरण किया। साथ ही मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को क्रमशः एकलव्य, विक्रम और विश्वामित्र अवार्ड से सम्मानित किया।
श्री ठाकुर ने किया भारतीय खेल प्राधिकरण (साईं) का दौरा अनुराग ठाकुर ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साईं) परिसर का दौरा किया और वहां की आधारभूत संरचनाओं और खिलाड़ियों को दी रही सुविधाओं और प्रशिक्षण का जायजा लिया। उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत की और उनके विचार जाने। श्री ठाकुर ने अधिकारियों से भी बातचीत की और आवश्यक निर्देश दिए।
 शूटिंग अकादमी और घुड़सवारी अकादमी का भी किया भ्रमण 
 अनुराग ठाकुर ने मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी का भी भ्रमण किया और कहा कि यह देश के सबसे बेहतरीन शूटिंग रेंज में से एक है। उन्होंने 50 मीटर, 25 मीटर और 10 मीटर शूटिंग रेंज को देखा और इसकी प्रशंसा की। साथ ही मंत्री ने मप्र घुड़सवारी अकादमी का भी दौरा किया और कहा कि 30 एकड़ में फैला यह केंद्र बेहतर सुविधाओं से लैस है।
 श्री ठाकुर ने टीटी नगर स्टे़डियम का दौरा किया
 अनुराग ठाकुर ने टीटी नगर स्टेडियम का भी दौरा किया और वहां छठे एलीट विमेंस नैशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप की विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान किए। श्री ठाकुर ने वहां पर खिलाड़ियों के साथ भोजन भी किया। श्री ठाकुर ने खिलाडियों से खेल सुविधाओं एवं प्रशिक्षण के बारे में भी बातचीत की। इससे पहले मंत्री महोदय ने बोट क्लब स्थित वॉटर स्पोर्ट्स केंद्र भी भ्रमण किया और वहां की सुविधाओं का जायजा लिया।

Related Articles